मध्य प्रदेश
2 घंटे पहले
3
विचारों
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज कई अहम गतिविधियां होने जा रही हैं। एक ओर जहां लाडली बहना योजना की नई किस्त बहनों के खातों में पहुंचेगी, वहीं छत्तीसगढ़ के बालोद में पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसा है। दोनों राज्यों की प्रमुख खबरों पर एक नजर।
लाडली बहनों को सौगात, 37वीं किस्त ट्रांसफर करेंगे सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले की देवरी विधानसभा से लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। वह सिंगल क्लिक के जरिए योजना की 37वीं किस्त की राशि बहनों के बैंक खातों में भेजेंगे। इस दौरान 1.25 लाख बहनों के खातों में कुल 1835 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री देवरी विधानसभा क्षेत्र को करीब 191 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। वह सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और जल संसाधन से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। बताया जा रहा है कि इस मौके पर देवरी का नाम बदलकर ‘देवपुरी’ करने की घोषणा भी की जा सकती है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह डॉ. मोहन यादव का देवरी विधानसभा क्षेत्र का पहला दौरा है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह कार्यक्रम देवरी विधानसभा के केसली विकासखंड में आयोजित किया जाएगा।
बालोद में दो डीजल चोर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बालोद में पुलिस ने डीजल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 500 लीटर डीजल जब्त किया है।
जब्ती में डीजल के 14 नग शामिल हैं, जो 35 लीटर वाले प्लास्टिक गैलन हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर, सूमो और स्कॉर्पियो कारें भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली हैं। बालोद थाना समेत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लगातार डीजल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 21 से 30 जून तक आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे। एआईसीसी ने सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र जारी कर इस संबंध में निर्देश दिए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे।
शिविर में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क, राजनीतिक रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एआईसीसी सचिवों को पूरे 10 दिन और प्रदेश नेतृत्व को कम से कम पांच दिन शिविर में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आज के कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। वह सुबह 11 बजे रायपुर से जांजगीर चांपा पहुंचेंगे और 12 बजे सत्य निज नाम सत्संग सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।
इसके बाद सीएम साय एक बजे जांजगीर से बिलासपुर रवाना होंगे और दो बजे संत शिरोमणि गाडगे जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां शपथ, सम्मान समारोह और भूमिपूजन के कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री शाम 4 बजे तक नया रायपुर लौट आएंगे और 4.15 बजे 36वें राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कयाकिंग केनोइंग समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वह एक पुस्तक लोकार्पण कार्यक्रम में भी उपस्थित रहेंगे।
Comments
0 comment