मोबाइल इस्तेमाल से रोका तो भड़की पत्नी, आधी रात भाइयों संग पति के घर धावा, सास का दांत तोड़ा मध्य प्रदेश एक महीने पहले 20
ग्वालियर में पति द्वारा मोबाइल चलाने से रोके जाने पर नाराज पत्नी ने मायके से भाइयों को बुला लिया और आधी रात पति, जेठ व सास की पिटाई कर दी। सास के मुंह पर मुक्का मारने से उनका दांत टूट गया।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पत्नी को मोबाइल चलाने से रोकना एक पति पर भारी पड़ गया। नाराज पत्नी ने अपने भाइयों को बुलाकर पति और सास की जमकर पिटाई करवा दी। आरोप है कि सास के मुंह में मुक्का मारकर उनका दांत तोड़ दिया गया। हमलावरों ने घर में रखे सामान में भी तोड़फोड़ की और जमकर उत्पात मचाया। इस घटना में पति, जेठ और सास को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित पति अपनी मां के टूटे दांत के साथ पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फोन इस्तेमाल को लेकर शुरू हुआ झगड़ा

ग्वालियर शहर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुरा गांव में रहने वाले लवकुश कुशवाहा के मुताबिक उसकी पत्नी पूरे दिन मोबाइल फोन में व्यस्त रहती थी। जब उसने पत्नी को फोन इस्तेमाल करने से रोका तो उसे यह बात नागवार गुजरी। गुस्से में आई पत्नी ने अपने मायके फोन कर भाइयों को ससुराल बुला लिया। बहन की ससुराल पहुंचे भाइयों ने घर में उत्पात मचाते हुए जीजा और उनके भाई के साथ मारपीट की। जब पास बैठी मां अपने बेटों को बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। बहू ने सास के मुंह पर मुक्का जड़ दिया, जिससे उनका दांत टूट गया। आरोप है कि मारपीट कर रहे भाइयों ने जीजा को धमकी दी कि अगर बहन को मोबाइल चलाने से रोका तो जान से मार देंगे।

पति ने बताई पूरी घटना

मारपीट के दौरान शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। लवकुश कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि 8 जून को उसकी पत्नी शिल्पी कुशवाह मोबाइल चला रही थी और वह हर समय फोन में व्यस्त रहती है। इसी बात पर आपस में बहस और कहासुनी हो गई। विवाद के बाद शिल्पी ने चुपचाप अपने मायके फोन कर पूरी घटना की जानकारी दे दी।

लवकुश के अनुसार रात 12:30 बजे शिल्पी का भाई शिवम कुशवाह अपने साथी मुरैना निवासी अरुण कुशवाह के साथ घर पहुंच गया। उस समय परिवार के लोग आराम से सो रहे थे। दोनों ने पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लवकुश, उसके बड़े भाई नरेश कुशवाह तथा मां उर्मिला कुशवाह के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि शिवम और अरुण ने धमकी दी कि यदि उनकी बहन को मोबाइल पर बात करने या मोबाइल इस्तेमाल करने से रोका गया तो पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे।

पति लवकुश की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरबार ने बताया कि पति की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप