हमीरपुर के युवा नाविक आदित्य शर्मा की ओमान तट पर तेल टैंकर हमले में मौत, इलाके में शोक हिमाचल प्रदेश 3 घंटे पहले 2
ओमान तट के पास तेल टैंकर पर हुए हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के 23 वर्षीय नाविक आदित्य शर्मा की जान चली गई, जो जहाज पर डेक कैडेट के रूप में तैनात थे। घटना के समय पोत पर मौजूद 24 लोगों में से 21 को सुरक्षित निकाल लिया गया।

ओमान तट के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले में हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के एक युवा नाविक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय आदित्य शर्मा के रूप में हुई है, जो हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के रहने वाले थे। इस दुखद खबर के बाद उनके परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

डेक कैडेट के पद पर तैनात थे आदित्य

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, आदित्य शर्मा तेल टैंकर पर डेक कैडेट के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। हादसे के समय पोत पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें से 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि इस घटना में आदित्य शर्मा अपनी जान नहीं बचा सके।

बताया जा रहा है कि ओमान तट पर जारी अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई के दौरान इस तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। हमले के बाद पोत को भारी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही आदित्य के गृह क्षेत्र गलोड़ में मातम पसर गया।

विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने व्यक्त की संवेदना

बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेनाओं द्वारा एक तेल टैंकर को निशाना बनाए जाने की इस दुखद घटना में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के 23 वर्षीय युवा आदित्य शर्मा के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक और हृदय विदारक है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में हम सभी परिवार के साथ खड़े हैं और अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हैं।

विधायक ने यह भी बताया कि सांसद अनुराग सिंह ठाकुर पार्थिव देह को शीघ्र स्वदेश लाने के लिए संबंधित अधिकारियों और विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में हैं तथा हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

पिता ने की थी मदद की अपील

उल्लेखनीय है कि ओमान तट के पास वैसल Settebello पर हुए अमेरिकी हमले के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि 3 भारतीय क्रू सदस्य लापता हो गए थे। लापता लोगों में आदित्य शर्मा भी शामिल थे।

आदित्य के पिता राजेश शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए मदद की गुहार लगाते हुए कहा था कि उनका बेटा तीन लापता क्रू सदस्यों में से एक है और उसे ढूंढने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। राजेश शर्मा के अनुसार, आदित्य ने अप्रैल में जहाज पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शोषण किए जाने की शिकायत की थी और वह इस जहाज को छोड़ना चाहते थे।

फिलहाल घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!