हिमाचल प्रदेश: डीएवी स्कूल के छात्र ने दी जान, सुसाइड नोट में स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप हिमाचल प्रदेश 2 महीने पहले 82
कांगड़ा जिले के आलमपुर स्थित डीएवी स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में स्कूल में बच्चों को प्रताड़ित करने और डंडों से पीटने का आरोप लगाया गया है।

परिजनों और ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। जयसिंहपुर के आलमपुर स्थित डीएवी स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र अनी (16) ने अपने किराये के कमरे में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना सोमवार देर रात की है, जब माता-पिता गहरी नींद में सोए हुए थे। मंगलवार सुबह जब परिजनों को इस खौफनाक घटना का पता चला, तो पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। इस घटना के विरोध में परिजनों, ग्रामीणों और अन्य अभिभावकों ने स्कूल परिसर में भारी हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने प्रिंसिपल को लिया हिरासत में

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लंबागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया है और बाद में उन्हें सुजानपुर पुलिस को सौंप दिया गया। इस संबंध में सुजानपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। मूल रूप से भलूंदर गांव का रहने वाला अनी अपने माता-पिता के साथ पटलांदर में किराये के मकान में रहता था। उसके पिता बंटी एक निजी कंपनी में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत हैं और मां एक बुटीक चलाती हैं।

सुसाइड नोट में छलका दर्द

छात्र की जेब से बरामद सुसाइड नोट ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अनी ने 22 जून को लिखे इस नोट में अपनी मौत के लिए सीधे तौर पर डीएवी स्कूल को जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा:

मैं अनी 22 जून को अपनी मर्जी से मरने जा रहा हूं। मैं डीएवी स्कूल की वजह से यह कदम उठा रहा हूं। इस स्कूल में सभी बच्चों को डंडों से पीटा जाता है और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। सभी बच्चे यहां परेशान हैं। मैंने कभी नशा नहीं किया है।

घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में बच्चों के साथ हो रही ज्यादती के कारण ही उनके बेटे ने इतना बड़ा कदम उठाया।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप