हरियाणा
2 घंटे पहले
3
विचारों
हरियाणा के लोगों को फिलहाल कुछ दिन और तपती गर्मी का सामना करना पड़ेगा। बीते दिन कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, मगर इसका असर तापमान पर नहीं दिखा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और 11 जून तक इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
हरियाणा में आज कैसा रहेगा हाल
आज यानी 10 जून को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिणी हरियाणा के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम में अपेक्षाकृत बड़ा बदलाव 12 जून को देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 12 से 14 जून के बीच राज्य के मौसम में फेरबदल होगा, जिससे तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
किसानों के लिए राहत भरी खबर
IMD के मुताबिक 19 जून के आसपास एक बार फिर मौसम में बदलाव दिखाई देगा। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी है। बीते दिन यानी 9 जून को हिसार के कई गांवों में तेज आंधी चली, जिससे टीन और टावर गिरने से काफी नुकसान हुआ। शाहपुर की एक गौशाला को भी क्षति पहुंची और कई पशु घायल हुए।
मंगलवार दोपहर बाद हांसी में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया। आंधी की वजह से शहर और आसपास के इलाकों में कई जगह पेड़ उखड़ गए, तो कहीं शेड और टीन की छतें टूटकर गिर गईं। सड़क पर पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। वहीं भिवानी में हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
बारिश वाले इलाकों के लिए मौसम विभाग की सलाह
- घर के अंदर रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें।
- अनावश्यक यात्रा करने से बचें और सुरक्षित आश्रय लें।
- पेड़ों के नीचे शरण न लें।
- कंक्रीट की फर्श पर न लेटें और कंक्रीट की दीवारों से टेक लगाकर खड़े न हों।
- बिजली के उपकरणों को प्लग से निकाल दें और करंट प्रवाहित करने वाली चीजों से दूरी बनाए रखें।
गर्मी से बचाव के लिए क्या करें, क्या न करें
- दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और सीधी धूप में जाने से परहेज करें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ढीले कपड़े पहनें।
- बाहर निकलते समय छाता साथ जरूर रखें।
- फसलों पर गर्मी का असर कम करने के लिए शाम या सुबह के शुरुआती घंटों में सिंचाई करें।
हिमाचल में इस दिन से भारी ओलावृष्टि के आसार
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में आज 10 जून की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते 11 और 12 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर बाकी जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है।
कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका है। कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर 13 और 14 जून को कुछ कमजोर पड़ सकता है, जबकि 11 जून के बाद तापमान में गिरावट शुरू होगी।
सोलन में गर्मी ने बिगाड़ा कारोबार
सोलन शहर में इन दिनों बढ़ती गर्मी और लगातार बदलते मौसम का असर स्थानीय व्यापार पर साफ नजर आ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि तेज गर्मी की वजह से दिन के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी घट गई है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय व्यापारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह 11 से 12 बजे के बाद धूप इतनी तेज हो जाती है कि लोग बाजार आने से कतराने लगते हैं। दिन में बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है और व्यापार में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। जो ग्राहक बाजार पहुंचते भी हैं, वे केवल जरूरी सामान खरीदकर तुरंत लौट जाते हैं।
व्यापारियों के मुताबिक मौसम की अनिश्चितता भी कारोबार के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। कभी अचानक बारिश शुरू हो जाती है तो कभी तेज धूप निकल आती है, जिससे लोगों की दिनचर्या और बाजार की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। हालत यह है कि सोलन का कारोबार अब मुख्य रूप से शाम के कुछ घंटों पर ही निर्भर होकर रह गया है।
Comments
0 comment