मुजफ्फरपुर: सामान खरीदने का बहाना बनाकर दुकान में दाखिल हुए बदमाश, किराना व्यापारी को गोलियों से उड़ाया बिहार 9 घंटे पहले 7
मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन अपराधियों ने किराना दुकानदार राजू चौधरी को सामान लेने के बहाने दुकान में घुसकर गोली मार दी, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बोचहा थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को गोलियों से छलनी कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। बताया जाता है कि मृतक राजू को कृषि विभाग की ओर से किसान सम्मान से नवाजा जा चुका था और कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी उन्हें सम्मानित कर चुके थे।

दुकान में घुसते ही चलाई गोली

मिली जानकारी के मुताबिक, बोचहा थाना क्षेत्र के चकेलाल गांव में राज कुमार चौधरी अपनी किराना दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी दुकान में घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर अपराधी आसानी से मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे परिजन और स्थानीय लोग दौड़े और घायल व्यवसायी को आनन-फानन में इलाज के लिए SKMCH में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

लूटपाट के दौरान हत्या का अंदेशा

घटना की खबर मिलते ही बोचहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने वहां से कई खोखे बरामद किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। इस वारदात के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के दौरान ही व्यवसायी को गोली मारी गई।

सामान खरीदने के बहाने पहुंचे अपराधी

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि बोचहां में राजू चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बाइक सवार तीन अपराधी दुकान पर पहुंचे और सामान खरीदने की बात कही। इसके तुरंत बाद उन्होंने व्यवसायी पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए SKMCH ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एसपी ने आगे बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है। घटना के समय मृतक का पुत्र भी किराना दुकान पर मौजूद था, लेकिन वारदात से ठीक पहले वह खाना खाने के लिए चला गया था। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के अनुसार, हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। अपराधियों को पकड़ने के लिए बोचहा और आसपास के इलाकों में सघन नाकेबंदी की गई है, साथ ही संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस बाजार और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!