दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का यह हिस्सा 7 जून तक बंद, जानें डायवर्जन कहां से और कैसे करें सफर उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 3
मरम्मत कार्य के चलते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा 6 जून सुबह 7 बजे से 7 जून की रात तक बंद रहेगा। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से इस दौरान वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम जानकारी सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से इस एक्सप्रेसवे पर मरम्मत का काम कराया जा रहा है, जिसके चलते इसका एक हिस्सा 6 जून की सुबह 7 बजे से लेकर 7 जून की रात तक बंद रखा गया है। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर लोगों से अनुरोध किया है कि वे इस अवधि के दौरान वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

कहां तक होगा मरम्मत कार्य

गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 21.460 किमी तक मरम्मत का काम किया जाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए आईएमएस कॉलेज (IMS College) से एबीईएस कॉलेज (ABES College) के बीच का रास्ता बंद कर दिया गया है।

इस रास्ते से करें यात्रा

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि 7 जून तक इन मार्गों से गुजरने वाले यात्रियों को आईएमएस कॉलेज से डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वे एनएच-9, लालकुआं और एबीईएस कॉलेज होते हुए आई.पी.एम. के पास से दोबारा निकलकर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे।

आमजन की सुविधा के लिए इंतजाम

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि यातायात पुलिस और एनएचएआई ने संयुक्त रूप से जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए हैं, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित और सुचारु ढंग से पूरा हो सके और लोगों को कम से कम असुविधा हो। कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टिव साइनेज और यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे इस अवधि में सफर के दौरान पर्याप्त समय लेकर निकलें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का अनुपालन करें। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

पुलिस ने विशेष रूप से भारी और मालवाहक वाहनों के चालकों से कहा है कि वे तय की गई डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें, ताकि यातायात सुचारु रूप से चलता रहे। यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त प्रबंध भी किए जाएंगे।

किसी भी सहायता के लिए संपर्क

किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात पुलिस ने आमजन से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपेक्षा जताई है। पुलिस ने बताया कि किसी भी तरह की जानकारी या मदद के लिए लोग यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9643322904 पर संपर्क कर सकते हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!