टॉप BTech कॉलेज: सिर्फ IIT-NIT नहीं, ये IIIT भी हैं प्लेसमेंट के सरताज; मिलता है 1 करोड़ तक का पैकेज करियर 2 घंटे पहले 2
जोसा काउंसलिंग के दौरान चॉइस फिलिंग में टॉप IIITs को भी विकल्प में रखा जा सकता है। इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपॉर्टेंस का दर्जा रखने वाले इन संस्थानों के छात्रों को करोड़ों रुपये तक के प्लेसमेंट ऑफर मिल चुके हैं।

जोसा काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बेहतरीन इंजीनियरिंग संस्थानों की बात आते ही ज्यादातर विद्यार्थियों के मन में सबसे पहले सिर्फ IIT और NIT का ही नाम आता है। लेकिन देश में कई IIIT यानी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी भी हैं, जो प्लेसमेंट के मामले में किसी से पीछे नहीं हैं। यहां पढ़ने वाले छात्रों को देश-विदेश की नामी कंपनियों से करोड़ों रुपये तक के पैकेज मिलते हैं।

बेहतरीन शैक्षणिक माहौल, इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम और मजबूत प्लेसमेंट रिकॉर्ड के दम पर ये IIIT आज छात्रों को दमदार पैकेज दिला रहे हैं। आइए जानते हैं उन IIITs के बारे में, जहां के छात्रों को एक करोड़ रुपये तक का पैकेज मिल चुका है और जिन्हें प्लेसमेंट का बादशाह माना जाता है।

देश में कितने हैं IIIT

देश में कुल 25 इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIITs) हैं, जिन्हें इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपॉर्टेंस (INI) का दर्जा प्राप्त है। इनमें से 5 संस्थान पूरी तरह केंद्र सरकार चलाती है, जबकि 20 संस्थान पीपीपी मॉडल पर संचालित होते हैं। बीते कुछ वर्षों में इन संस्थानों ने प्लेसमेंट के मामले में तेजी से अपनी अलग पहचान बनाई है। कई IIITs के छात्रों को देश-विदेश की बड़ी टेक कंपनियों से करोड़ों रुपये तक के पैकेज मिल चुके हैं, जिसके चलते अब ये संस्थान छात्रों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

IIIT इलाहाबाद

देश के सबसे चर्चित IIITs में से एक IIIT इलाहाबाद है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में यहां पढ़ने वाले विपुल जैन नाम के एक छात्र को अमेरिकी कंपनी Rubrik की ओर से 1.45 करोड़ रुपये प्रति वर्ष का ऑफर मिला था। इससे पहले भी यहां के कई छात्रों को एक करोड़ रुपये या उससे अधिक के पैकेज मिल चुके हैं।

ABV-IITM ग्वालियर

अटल बिहारी वाजपेयी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (ABV-IITM) भी देश के बेहतरीन IIIT कॉलेजों में शुमार है। साल 2025 में यहां सबसे ऊंचा प्लेसमेंट पैकेज 67 लाख रुपये का रहा। हालांकि इससे पहले यहां एक करोड़ रुपये से अधिक के प्लेसमेंट पैकेज भी मिल चुके हैं।

IIIT लखनऊ

प्लेसमेंट के मामले में IIIT लखनऊ भी किसी से कम नहीं है। कॉलेज की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बीटेक 2024-25 बैच को सबसे ऊंचा डोमेस्टिक प्लेसमेंट पैकेज 1.45 करोड़ रुपये का मिला, जबकि औसत प्लेसमेंट पैकेज 33.71 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा। एक करोड़ रुपये से अधिक का यह पैकेज भी Rubrik ने ही ऑफर किया था।

IIIT नागपुर

ट्रिपल आईटी नागपुर को पीपीपी मॉडल वाले IIITs में सबसे बेहतरीन कॉलेजों में गिना जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 में यहां सबसे ऊंचा प्लेसमेंट पैकेज 60 लाख रुपये का ऑफर हुआ। यहां प्लेसमेंट दर 97 से ऊपर रही। ब्रांचवाइज बात करें तो कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 100 फीसदी और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में करीब 97 फीसदी प्लेसमेंट हुआ।

IIIT कोटा

पीपीपी मॉडल वाले ट्रिपल आईटी में IIIT कोटा भी छात्रों को अच्छे प्लेसमेंट पैकेज दिला रहा है। साल 2025 के प्लेसमेंट सीजन में इस कॉलेज में 54 लाख रुपये तक के पैकेज ऑफर हुए, जबकि औसत प्लेसमेंट पैकेज 11 लाख रुपये से अधिक का रहा। यहां Amazon, Deloitte और MAQ Software जैसी दिग्गज कंपनियों ने छात्रों को नौकरी के ऑफर दिए।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!