फ्लाइट के टॉयलेट से आ रही थीं अजीब आवाजें, क्रू ने दी दस्तक और जो मिला उसे देख दंग रह गए अधिकारी राष्ट्रीय राजनीति 2 घंटे पहले 2
दुबई से अहमदाबाद आई एक फ्लाइट के टॉयलेट में स्पीकर बॉक्स के भीतर छिपाकर रखा गया करीब 2.8 किलो सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 26 लाख रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग ने इस लावारिस सोने को जब्त कर लिया है।

दुबई से अहमदाबाद पहुंची एक फ्लाइट के शौचालय से जुड़ा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। उड़ान के दौरान एक एयरहोस्टेस की नजर अचानक प्लेन के टॉयलेट की ओर जाते एक यात्री पर ठहर गई। इस यात्री की हरकतें और चेहरे के भाव कुछ अलग ही नजर आ रहे थे, जिससे क्रू सदस्य का माथा ठनक गया।

शक से शुरू हुई पूरी कहानी

शक होने पर एयरहोस्टेस टॉयलेट के पास पहुंची तो उसे भीतर से अजीब सी आवाजें सुनाई दीं। इन आवाजों ने उसके संदेह को और गहरा कर दिया। उसने बिना देर किए इसकी जानकारी अपने कैप्टन को दी और कैप्टन ने तुरंत एयरपोर्ट से जुड़ी एजेंसियों को सूचित कर दिया।

कुछ ही समय बाद यह विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतर गया। लैंडिंग होते ही कस्टम और सुरक्षा अधिकारी फ्लाइट में दाखिल हुए। इसके बाद टॉयलेट से जो कुछ बरामद हुआ, उसे देखकर सभी हैरान रह गए।

स्पीकर बॉक्स में छिपा था सोना

दरअसल यह पूरा मामला दुबई से अहमदाबाद आ रही फ्लाइट का है, जिसके टॉयलेट में करीब 2.8 किलो सोना छिपाकर रखा गया था। इस सोने को कस्टम विभाग ने जब्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार यह घटना 12 जून की है। दुबई से आई इस फ्लाइट के टॉयलेट की जांच के दौरान इंजीनियरों की मदद भी ली गई।

तलाशी के दौरान अधिकारियों की निगाह विमान की फ्रंट लैवेटरी यानी टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स पर पड़ी। जब इस स्पीकर बॉक्स को ध्यान से खंगाला गया तो उसके भीतर काले रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे दो पैकेट मिले।

24 कैरेट के गोल्ड बिस्किट बरामद

अधिकारियों ने बताया कि पैकेट खोलने पर उनमें 24 कैरेट के गोल्ड बिस्किट निकले। ये सभी गोल्ड बिस्किट 999.0 शुद्धता यानी 24 कैरेट के थे। बरामद किए गए सोने का कुल वजन 2,799.3 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 26 लाख 89 हजार 325 रुपये आंकी गई है।

कस्टम विभाग का कहना है कि जिस तरीके से सोने को छिपाया गया था, उससे साफ संकेत मिलता है कि इसे अवैध रूप से तस्करी के जरिए भारत में लाने की कोशिश की जा रही थी।

किसी ने नहीं किया दावा, लावारिस मानकर जब्त

कस्टम के मुताबिक सोने को ऐसी जगह छिपाया गया था जहां आमतौर पर यात्रियों या क्रू की नजर आसानी से नहीं पड़ती। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान किसी भी यात्री, क्रू सदस्य या अन्य व्यक्ति ने बरामद सोने पर अपना दावा नहीं किया।

इसके बाद कस्टम एक्ट 1962 के प्रावधानों के तहत इस सोने को ‘अनक्लेम्ड’ यानी लावारिस मानते हुए जब्त कर लिया गया है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!