राजस्थान
एक घंटा पहले
2
विचारों
सम्मान के नाम पर दरिंदगी
राजस्थान के धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के फराकपुरा गांव से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां ऑनर किलिंग की आशंका में एक पिता ने अपनी दो सगी नाबालिग बेटियों को मौत के घाट उतारने का प्रयास किया। आरोप है कि पिता ने बेटियों को चंबल नदी के पुल से नीचे गहरे पानी में धक्का दे दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
पंचायत में हुआ खुलासा
यह मामला तब प्रकाश में आया जब करीब 8 दिन बाद यानी 19 जून को गांव में एक सामाजिक पंचायत बुलाई गई। परिवार में बच्चियों के अचानक लापता होने से ग्रामीण चिंतित थे। पंचायत के भारी दबाव के सामने आरोपी पिता भरत लोधा ने कबूल किया कि उसकी दोनों बेटियां चंबल नदी में गिर गई थीं। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी।
11 जून को ले गया था घर से
मृतका के परिजन लखपत लोधा ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, 11 जून को भरत लोधा अपनी चार बेटियों को एक गाड़ी में बैठाकर घर से ले गया था। उस समय गाड़ी में आरोपी के साथ उसकी पत्नी, बेटा और भाई भी मौजूद थे। लखपत का दावा है कि इनमें से दो नाबालिग बच्चियों की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पिता और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच और प्रेम प्रसंग का एंगल
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में प्रेम प्रसंग को लेकर परिवार में विवाद की जानकारी सामने आई है। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते बच्चियों को पुल से नीचे फेंका गया होगा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी जांच जारी है और वैज्ञानिक सबूतों के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
चंबल नदी में चुनौतीपूर्ण सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद से ही बच्चियों के शवों को बरामद करने के लिए व्यापक स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। भरतपुर से बुलाई गई SDRF की विशेष टीम इस काम में जुटी है। सर्च ऑपरेशन में शामिल बचाव कर्मियों ने बताया कि चंबल नदी का जलस्तर काफी अधिक है। इसके अलावा, नदी में मौजूद खतरनाक मगरमच्छों के कारण रेस्क्यू टीम को गहरे पानी में उतरने में भारी दिक्कतों और जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है।
Comments
0 comment