दिवाली की रात चाचा-भतीजे की सरेआम हत्या, दो साल बाद आरोपी का पैर में गोली लगने के साथ हुआ एनकाउंटर दिल्ली एक महीने पहले 24
शाहदरा में दो साल पहले दिवाली की रात चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या करने वाला फरार आरोपी आमिर शास्त्री पार्क इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।

दिल्ली के शाहदरा इलाके में दो साल पहले दिवाली की रात चाचा और भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है। डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव यादव की टीम ने आमिर नाम के इस बदमाश को शास्त्री पार्क इलाके से गिरफ्तार किया। पकड़े जाने के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

कैसे हुई गिरफ्तारी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी आमिर देर रात शास्त्री पार्क इलाके में पहुंचने वाला है। इसके बाद मेट्रो डिपो के पास के क्षेत्र में जाल बिछाया गया। इंस्पेक्टर मान और इंस्पेक्टर सुन्दर गौतम की टीम ने रात करीब 10:48 PM पर मुखबिर की निशानदेही पर एक व्यक्ति को रोका। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने अपनी पिस्टल निकाली और पुलिस पर निशाना साधते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एचसी मनोज ने आत्मरक्षा में आरोपी के पैरों को निशाना बनाकर गोली चलाई, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस की गिरफ्त में आ गया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के लिए बना था सिरदर्द

पकड़ा गया आरोपी आमिर लंबे समय से दिल्ली पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। उसने दो साल पहले शाहदरा इलाके में दिवाली की रात सरेआम चाचा और भतीजे की हत्या कर दी थी। इस वारदात का खौफनाक वीडियो पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था, जिसमें आरोपी को अंधाधुंध फायरिंग करते साफ देखा जा सकता है। जिस समय पूरा परिवार दिवाली के जश्न में डूबा था, तभी अचानक इस आरोपी ने आकर चाचा-भतीजे पर गोलियां बरसा दीं। किसी को कुछ समझ आता, उससे पहले ही वह घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस दो साल से इस शूटर की तलाश में जुटी थी और अब क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ने में कामयाबी हासिल की है।

क्या हुआ था दिवाली की रात

दो साल पहले दिवाली की रात करीब 8.30 बजे आकाश (चाचा) अपने बेटे और भतीजे के साथ पूजा करने के बाद घर के बाहर कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दो बदमाश वहां पहुंचे। इनमें से एक ने आकाश के पैर छुए और जैसे ही वह घर के भीतर जाने लगे, दूसरे बदमाश ने गोलीबारी शुरू कर दी। जब आकाश के भतीजे ऋषभ ने बदमाशों का पीछा किया तो उन्होंने उसे भी गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप