मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार, जॉर्जिया से चला रहा था वसूली का नेटवर्क दिल्ली 3 घंटे पहले 2
एसटीएफ की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को प्रत्यर्पण के जरिए जॉर्जिया से भारत लाकर दिल्ली एयरपोर्ट पर दबोच लिया गया। उस पर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में 12 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।

लंबे समय से फरार चल रहे मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को एसटीएफ ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। इस अपराधी के खिलाफ हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ में हत्या, लूट और फिरौती से जुड़े 12 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह विदेश में बैठकर अपना गिरोह संचालित कर रहा था और जॉर्जिया में रहकर पूरे नेटवर्क को चला रहा था। प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे गुरुवार सुबह भारत लाया गया। वेंकटेश गर्ग पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था और वह एसटीएफ की मोस्ट वांटेड सूची में दर्ज था।

गुरुग्राम में बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा की हत्या के मामले में भी वेंकटेश गर्ग का नाम उभरकर सामने आया था। इस वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद वह जॉर्जिया फरार हो गया था और वहीं से कपिल सांगवान गैंग के लिए काम कर रहा था। विदेश में बैठे-बैठे वह सोशल मीडिया के माध्यम से शूटरों की भर्ती करता था और एक्सटॉर्शन रैकेट चलाता था। नवंबर 2025 में भारतीय एजेंसियों के इनपुट के आधार पर उसे जॉर्जिया में पकड़ लिया गया था। वह हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ का निवासी है।

हरबिलास रज्जूमाजरा पर बरसाई गई थीं गोलियां

बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा राधे फार्म नाम का बैंक्वेट हॉल संचालित करते थे। इसके साथ ही वह राजू माजरा गांव में खेती-किसानी भी करते थे। उन्होंने 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ा था, मगर उन्हें जीत हासिल नहीं हो सकी थी। इसके बाद 24 जनवरी 2025 की शाम बदमाशों ने नारायणगढ़ में उन पर गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौत हो गई थी।

कार में सवार थे, तभी हुआ हमला

घटना के समय रज्जूमाजरा अपने दो साथियों पुनीत और जुगल के साथ कार में सफर कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में पुनीत नाम के व्यक्ति को भी गोली लगी थी और रज्जूमाजरा की जान चली गई थी। वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने मुलाना में सागर नामक बदमाश का एनकाउंटर किया था। हालांकि वेंकटेश मौके से फरार होकर जॉर्जिया पहुंच गया था और वहीं से उसने वसूली गिरोह चलाना शुरू कर दिया था।

कोर्ट में पेश किया जाएगा आरोपी

नवंबर 2025 में गिरफ्तारी के बाद वेंकटेश के प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू की गई थी। भारतीय एजेंसियों ने उसे जॉर्जिया से भारत लाने के लिए सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद एसटीएफ की टीम उसे दिल्ली लेकर पहुंची और एयरपोर्ट पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे गुरुवार को ही अदालत में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि कोर्ट उसे कई दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज सकती है। इस अवधि में जांच पूरी कर आरोप तय किए जाएंगे और सबूत एकत्र किए जाएंगे।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!