दिल्ली
एक घंटा पहले
2
विचारों
नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर रविवार को अचानक तेज हवा चली और बारिश हुई, जिसकी चपेट में आकर एयर इंडिया के तीन नैरोबॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए। ऑपरेटर ने बताया कि टक्कर के बाद इन तीनों विमानों को परिचालन से हटा लिया गया है।
आखिर हुआ क्या?
ऑपरेटर के अनुसार, खराब मौसम के कारण एयर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के ग्राउंड इक्विपमेंट अपनी जगह से अचानक हिल गए और टर्मिनल 2 पर खड़े विमानों से जा टकराए। निजी ऑपरेटर का कहना है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से मौसम में किसी भी बदलाव को लेकर एयरपोर्ट ऑपरेटर या एयरलाइंस को पहले से कोई चेतावनी नहीं दी गई थी। ऐसे में इस नुकसान के लिए जिम्मेदारी किसकी है, यह एक बड़ा सवाल बन गया है।
खबर लिखे जाने तक इस मामले में एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी। हालांकि एयरलाइन के एक सूत्र के मुताबिक, एयर इंडिया के तीन विमानों के अलावा दूसरे ऑपरेटरों के विमान भी खराब मौसम की चपेट में आकर प्रभावित हुए हैं।
सूत्र ने यह भी जानकारी दी कि प्रभावित हुए तीन विमानों में से दो जल्द ही परिचालन में लौट आएंगे, जबकि तीसरे विमान को दुरुस्त करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज
भीषण गर्मी के बीच रविवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदला-बदला नजर आया। शाम को यहां तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन एयरपोर्ट पर खड़े विमानों को नुकसान पहुंच गया।
दिल्ली में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने पहले ही पूर्वानुमान जताया था कि दिन के समय आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं तथा गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है।
हालांकि एयरपोर्ट पर किसी को इस बात का अनुमान नहीं था कि मौसम का असर सीधे विमानों पर पड़ेगा और वे क्षतिग्रस्त हो जाएंगे।
दिल्ली के साथ-साथ नोएडा में भी बारिश हुई और वातावरण में नमी आने से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। उल्लेखनीय है कि इन दिनों दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी पड़ रही है।
Comments
0 comment