हरियाणा
2 घंटे पहले
2
विचारों
देशभर में मौसम का मिजाज लगातार करवट ले रहा है। कई राज्यों में जहां झमाझम बारिश हो रही है, वहीं कुछ इलाकों में सूखे और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा है। इसी बीच मौसम विभाग ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया है कि हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में मौसम का रुख बदला हुआ नजर आ सकता है। मौसम विभाग की ओर से इन दोनों राज्यों के कई जिलों में बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा में तीन दिन तक आंधी-बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने हरियाणा में अगले तीन दिनों यानी 11 से 13 जून तक आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक, बारिश का सबसे अधिक असर मध्य हरियाणा के जिलों में देखने को मिल सकता है, जिनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद और पंचकूला शामिल हैं। इन जिलों में 50 से 75 फीसदी तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका भी है।
11 और 12 जून को बदला मौसम
उत्तर, पूर्वी और दक्षिण हरियाणा के जिलों में 11 जून को मौसम बदला हुआ दिखाई दिया और गुरुग्राम, हिसार, रोहतक तथा अंबाला में बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली। वहीं 12 जून को राज्य के कई जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जो 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें ये जिले शामिल हैं:
- चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर
- करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और झज्जर
- गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद
- सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद
- हिसार, भिवानी और चरखी दादरी
इन स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हिमाचल में बर्फबारी की आशंका
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के चंबा और कुल्लू जिलों में बर्फबारी की आशंका जताई है।
लोगों के लिए सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि प्रभावित जिलों के लोग आज के दिन तभी घर से बाहर निकलें, जब कोई बेहद जरूरी काम हो। खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए सतर्कता बरतना आवश्यक है।
Comments
0 comment