वडोदरा में दर्दनाक हादसा: बस के ऑटोमैटिक दरवाजे में फंसी मासूम की गर्दन, तड़पकर हुई मौत गुजरात एक घंटा पहले 2
गुजरात के वडोदरा में एक निजी बस के दरवाजे में गर्दन फंसने से दूसरी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल के CCTV फुटेज से महत्वपूर्ण 15 मिनट गायब मिले हैं।

गुजरात के वडोदरा से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के सूर्यनगर-तरसाली बायपास इलाके में स्थित एसआर एनर्जी कंपनी के परिसर में पार्क की गई एक निजी बस के दरवाजे में गर्दन फंस जाने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान 8 वर्षीय दिव्येश राठवा के रूप में हुई है। दिव्येश अपनी मां से प्रसाद लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन कुछ समय बाद वह जमीन पर बेसुध हालत में मिला। इस हादसे के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने शुरू की थी तलाश

दिव्येश तर्साली-2 में स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राइमरी स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। उसके पिता राकेशभाई राठवा सूर्यनगर के पास स्थित एसआर बायोगैस कंपनी में कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि स्कूल से वापस लौटने के बाद दिव्येश घर से प्रसाद लेने के लिए निकला था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। इसी दौरान किसी ने उन्हें बताया कि पास के ही एक मैदान के पास बच्चे के साथ कोई हादसा हो गया है। वहां जाकर देखा तो उसकी गर्दन एक लग्जरी बस के ऑटोमैटिक दरवाजे में फंसी हुई थी।

घबराए हुए परिजन तुरंत उसे 108 एम्बुलेंस की मदद से सयाजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कपूराई पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज से गायब मिले 15 मिनट

इस पूरी घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बच्चे की गर्दन बस के दरवाजे में फंसी हुई दिखाई दे रही है। सूर्यनगर-तर्साली बाइपास और धन्यावी रोड के बीच स्थित एक बस रिपेयरिंग परिसर में इस सात वर्षीय दिव्येश की मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस अब इस मौत की परिस्थितियों और घटना के पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस जांच के दौरान एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। घटनास्थल के CCTV फुटेज में से हादसे के समय के बेहद महत्वपूर्ण 15 मिनट गायब मिले हैं। पुलिस इस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

अंजलि सिंह पाबना की राज्य संवाददाता हैं, जो विभिन्न राज्यों की क्षेत्रीय खबरें और खानपान कवर करती हैं। स्थानीय घटनाओं, संस्कृति और जायके की कहानियों को वे करीब से रिपोर्ट करती हैं। अलग-अलग राज्यों की विविधता उनकी रिपोर्टिंग में नजर आती है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप