दिल्ली
एक घंटा पहले
1
विचारों
दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में लापरवाह ड्राइविंग का खौफनाक मंजर सामने आया है। सराय जुलैना रेड लाइट पर पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें आईं, जबकि टक्कर मारने वाला चालक अपने वाहन के साथ मौके से भाग निकला।
गलत दिशा से आई कार ने मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार यह घटना 10 जून 2026 की है। घायल पुलिसकर्मी की पहचान हेड कांस्टेबल राहुल कुमार (नंबर 4999/टी) के रूप में हुई है, जो उस वक्त सुबह सराय जुलैना रेड लाइट पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे।
सुबह करीब 10:30 बजे एक वाहन गलत दिशा से बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही के साथ आता दिखाई दिया। हेड कांस्टेबल राहुल कुछ समझ पाते या खुद को बचा पाते, उससे पहले ही बेकाबू कार ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और तेज कर दी और वहां से फरार हो गया।
अस्पताल में जारी है इलाज
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से घायल हेड कांस्टेबल को पास के फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की ओर से पुलिस को एक मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) की सूचना मिली, जिसके बाद न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने की एक टीम फौरन अस्पताल पहुंची। फिलहाल घायल पुलिसकर्मी का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सीसीटीवी से हुई कार की पहचान
मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से पड़ताल की। जांच के बाद हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर ली गई, जो एक काले रंग की किआ कार बताई जा रही है।
इस सिलसिले में पुलिस ने एफआईआर संख्या 163/26 दर्ज की है। आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 125A, 132, 221, 121A और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Comments
0 comment