बलिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, जीजा पर 15 साल तक शोषण और बर्बरता का आरोप उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 1
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक महिला ने अपने जीजा पर नाबालिग अवस्था से ही शारीरिक शोषण करने और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

12 साल की उम्र से शुरू हुआ शोषण

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके जीजा सोनू फरसाटारी ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता के अनुसार, जब वह महज 12 साल की थी, तब आरोपी ने उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील तस्वीरें व वीडियो बना लिए। इन तस्वीरों को हथियार बनाकर आरोपी उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा।

शादी तुड़वाने से लेकर 15 साल तक प्रताड़ना

पीड़िता का दावा है कि जब उसकी शादी कहीं और हुई, तो आरोपी ने तस्वीरों के जरिए उसकी शादी के महज 15 दिनों बाद ही उसे तुड़वा दिया। इसके बाद आरोपी ने निकाह का झूठा झांसा देकर पीड़िता का 15 साल तक शारीरिक शोषण किया। इस भयावह दौरान में आरोपी ने पीड़िता को 8 बार जबरन गर्भपात कराने पर मजबूर किया। महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता था, कमरे में कैद रखा जाता था और एक बार तो उसकी टांग तक तोड़ दी गई। बर्बरता की हद तब पार हो गई, जब आरोपी ने उसके साथ शारीरिक शोषण के साथ-साथ उस पर पेशाब भी किया।

जान से मारने की धमकी और एफआईआर

पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई और न्याय की मांग की, तो आरोपी सोनू, उसकी पत्नी आफरीन उर्फ सोनी और बेटे अयान ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसके गले में रस्सी डालकर जान से मारने की कोशिश की और धमकी दी कि यदि वह चुप नहीं रही, तो उसे पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रंग दे दिया जाएगा। पीड़िता के पास प्रताड़ना के वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं। इन गंभीर आरोपों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!