मीका सिंह: अमिताभ बच्चन के दीवाने फैन, जो कभी उर्वशी रौतेला से रचाना चाहते थे ब्याह मनोरंजन एक घंटा पहले 3
मशहूर सिंगर मीका सिंह आज 10 जून को अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं। हिट पार्टी गानों के साथ-साथ अपने दिलचस्प किस्सों और विवादों के चलते भी वे हमेशा चर्चा में रहे हैं।

बॉलीवुड के नामचीन गायक मीका सिंह आज, 10 जून को अपना 49वां जन्मदिन मना रहे हैं। 10 जून, 1977 को जन्मे मीका ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक पार्टी गाने देकर म्यूजिक इंडस्ट्री में खास मुकाम बनाया है। दमदार आवाज, जोरदार संगीत और बेहतरीन बोलों के दम पर वे आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। गायक होने के साथ-साथ वे राइटर और कंपोजर भी हैं, और उतने ही चर्चित अपने विवादों के लिए भी रहे हैं।

अमिताभ बच्चन के पक्के दीवाने

मीका सिंह सिर्फ अपने हिट गानों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने रोचक किस्सों के लिए भी जाने जाते हैं। कई मौकों पर उन्होंने ऐसे अनुभव साझा किए हैं, जिन्हें सुनकर लोग हैरान भी रह जाते हैं और हंसने भी लगते हैं। ऐसा ही एक किस्सा उन्होंने महानायक अमिताभ बच्चन को लेकर बयां किया था।

मीका के मुताबिक वे बिग बी के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं। उनकी इस दीवानगी का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक बार वे बिना किसी न्योते के ही अमिताभ बच्चन की दिवाली पार्टी में जा पहुंचे थे।

बिना बुलावे पहुंच गए दिवाली पार्टी में

मीका ने बताया कि हर साल अमिताभ बच्चन के घर होने वाली दिवाली पार्टी की खूब चर्चा हुआ करती थी। वे दूर से उनके घर की रोशनी और सजावट निहारा करते थे और मन ही मन सोचते थे कि काश कभी उन्हें भी इस पार्टी में शामिल होने का मौका मिले। आखिरकार एक दिन उन्होंने ठान लिया और सीधे अपनी कार लेकर अमिताभ बच्चन के घर जा पहुंचे। बिना बुलाए वे अंदर तो चले गए, लेकिन वहां ज़्यादा देर ठहर नहीं पाए और कुछ ही देर में चुपचाप वापस लौट आए।

उर्वशी रौतेला से जुड़ी चर्चा

कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया था कि एक समय मीका सिंह बॉलीवुड अदाकारा उर्वशी रौतेला को दिल दे बैठे थे और उनसे शादी करना चाहते थे। हालांकि जब ऐसी खबरें सामने आईं तो उर्वशी ने इन्हें महज अफवाह बताकर खारिज कर दिया था।

विवादों से पुराना रिश्ता

मीका सिंह अपने विवादों के चलते भी इंडस्ट्री में लगातार सुर्खियों में बने रहे हैं। विवादों से तो जैसे उनका पुराना नाता रहा है। साल 2006 में अपनी बर्थडे पार्टी के दौरान जब उन्होंने अभिनेत्री राखी सावंत को ज़बरन किस किया, तो वे एकदम सुर्खियों में आ गए थे।

राखी ने भी मीका पर जबरदस्ती किस करने का आरोप लगाया था। इस घटना के चलते वे लंबे समय तक विवादों में घिरे रहे और काफी अरसे तक राखी और मीका के बीच दूरी बनी रही। हालांकि बरसों बाद राखी ने उन्हें माफ कर दिया।

कीर्तन से शुरुआत, रातोंरात बने स्टार

बता दें कि मीका सिंह का असली नाम 'अमरीक सिंह' है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कीर्तन गाकर की थी। साल 1998 में आए उनके गाने 'सावन में लग गई आग' के बाद तो वे रातोंरात स्टार बन गए और इसके बाद उनका करियर सातवें आसमान पर जा पहुंचा। उन्होंने सलमान, शाहरुख और अक्षय समेत तमाम सितारों के लिए गाने गाए हैं। हिंदी और पंजाबी के अलावा उन्होंने मराठी, बंगाली, तेलुगु और कन्नड़ में भी अपनी आवाज़ दी है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!