बरेली की पढ़ाकू छात्रा से बॉलीवुड की चमकती हीरोइन तक: जानिए दिशा पाटनी का अनकहा सफर मनोरंजन एक घंटा पहले 3
बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा दिशा पाटनी का बचपन और शुरुआती पढ़ाई उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में बीती। एक विज्ञानी बनने का सपना देखने वाली इस छात्रा ने आगे चलकर ग्लैमर की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।

अपने अभिनय, खूबसूरती और फिटनेस के लिए आज पूरे देश में पहचानी जाने वाली अभिनेत्री दिशा पाटनी की जड़ें उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से जुड़ी हुई हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि ग्लैमर की दुनिया में चमकने वाली इस सितारे ने अपने जीवन के शुरुआती दिन और पढ़ाई इसी शहर में पूरी की।

बरेली में बीता बचपन

दिशा पाटनी का परिवार बरेली के सिविल लाइन्स इलाके में चौपला चौराहे के पास रहता है। उनके पिता जगदीश सिंह पाटनी पुलिस विभाग में डीएसपी के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनका परिवार हमेशा से अनुशासन और शिक्षा को खास अहमियत देता आया है।

दिशा ने बरेली के मशहूर बीबीएल स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। स्कूल के दिनों में वे बेहद शांत स्वभाव की थीं और पढ़ाई में गहरी रुचि रखती थीं। बताया जाता है कि शुरुआत में उनका सपना एक वैज्ञानिक बनने का था।

पढ़ाई छोड़कर चुना अभिनय का रास्ता

स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद दिशा ने नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी में बी.टेक (कंप्यूटर साइंस) में दाखिला लिया था। लेकिन मॉडलिंग और अभिनय की ओर बढ़ते उनके कदमों ने उनकी राह बदल दी और उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़कर बॉलीवुड में करियर बनाने का फैसला किया।

मेहनत और प्रतिभा से बनाई पहचान

वरिष्ठ इतिहासकार डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बातचीत में बताया कि दिशा पाटनी आज बॉलीवुड की चमकती अभिनेत्रियों में शुमार हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देशभर में नाम कमाया है। उन्होंने कहा कि दिशा की शुरुआती पढ़ाई और परवरिश बरेली में हुई, जिसने उनके व्यक्तित्व को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।

डॉ. शर्मा के मुताबिक दिशा का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के पहाड़ी समाज से ताल्लुक रखता है, मगर उनका पालन-पोषण पूरी तरह बरेली की संस्कृति और माहौल में हुआ। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र की कामयाबी सिर्फ बड़े स्कूल से नहीं, बल्कि परिवार के संस्कार, मेहनत और आत्मविश्वास से तय होती है, और दिशा पाटनी इसका बेहतरीन उदाहरण हैं।

इस फिल्म से शुरू हुआ करियर

दिशा ने साल 2015 में तेलुगु फिल्म “लोफर” से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान फिल्म “एम.एस. धोनी द अनटोल्ड स्टोरी” से मिली। आज दिशा पाटनी न सिर्फ बॉलीवुड का बड़ा नाम हैं, बल्कि बरेली की पहचान बनकर युवाओं के लिए प्रेरणा भी बन चुकी हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!