राज्यसभा चुनाव: मध्य प्रदेश और कर्नाटक के लिए बीजेपी ने घोषित किए प्रत्याशी, विधान परिषद के लिए भी दो नाम तय भारत एक घंटा पहले 2
भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीटों तथा कर्नाटक विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए कुल चार उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई है। सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा।

भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा और कर्नाटक विधान परिषद के चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इनमें से दो प्रत्याशी कर्नाटक और मध्य प्रदेश से राज्यसभा पहुंचने के दावेदार हैं, जबकि शेष दो नामों का चयन पार्टी ने कर्नाटक विधान परिषद के लिए किया है। पार्टी की ओर से बताया गया कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने कर्नाटक और मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव तथा कर्नाटक विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए इन चार नामों को अपनी स्वीकृति दी है।

किसे कहां से मिला टिकट

मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए महेश केवट को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं कर्नाटक से प्रो. डॉ. एम नागराजन को राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किया गया है। कर्नाटक में विधान परिषद का चुनाव भी होना है, जिसके लिए पार्टी ने लिंगराज पाटील और रघु कौटिल्य के नामों का ऐलान किया है। उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने की।

कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन पर खेला दांव

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से बीजेपी के महेश केवट के मुकाबले मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनमें से दो पर बीजेपी प्रत्याशियों की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि तीसरी सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होगी। तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल पहले ही बीजेपी प्रत्याशी के तौर पर राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में प्रभावी वोटों की संख्या 228 है। इनमें भाजपा के 164 और कांग्रेस के 64 विधायक शामिल हैं। हालांकि व्यावहारिक रूप से कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर 62 रह गई है, क्योंकि विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान पर रोक लगी हुई है और बीना से विधायक निर्मला सप्रे के मतदान को लेकर तस्वीर साफ नहीं है तथा उनका रुझान भाजपा की ओर बताया जा रहा है।

18 जून को होगा मतदान

अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मणिपुर और कर्नाटक समेत 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा। कर्नाटक विधान परिषद के लिए भी इसी दिन वोट डाले जाएंगे। मध्य प्रदेश में एक उम्मीदवार को राज्यसभा भेजने के लिए 58 वोटों की आवश्यकता होती है। ऐसे में बीजेपी के दो उम्मीदवारों की जीत निश्चित मानी जा रही है, और तीसरे प्रत्याशी को जिताने के लिए कांग्रेस के पास पर्याप्त वोट मौजूद हैं। बावजूद इसके बीजेपी ने तीसरा उम्मीदवार उतारकर कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस तरह के मुकाबलों में हमेशा क्रॉस वोटिंग की आशंका बनी रहती है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!