अमरोहा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी पर शिकंजा, अवैध मकान पर गरजा बुलडोजर उत्तर प्रदेश 16 घंटे पहले 6
अमरोहा में आठ साल की दलित बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी फरमान के ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से बने मकान को पुलिस और प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई की है। आरोपी के जिस मकान को अवैध रूप से खड़ा किया गया था, उस पर बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज कर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

आठ साल की बच्ची से दरिंदगी का मामला

अमरोहा जनपद के एक थाना क्षेत्र के गांव में 8 साल की दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई। आरोपी फरमान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासन ने फरार आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची कक्षा दो की छात्रा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए फरार फरमान के मकान को निशाने पर लिया। वारदात उजागर होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के घर को गिरा दिया।

इससे पहले मामले की गंभीरता को देखते हुए अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव, डीएम नितिन गौड़ समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। टीम ने पीड़ित बच्ची का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की।

गांव में तैनात रहीं भारी टीमें

जानकारी के अनुसार आरोपी फरमान भैंसा बुग्गी चलाता है और उसने बच्ची को लालच देकर उसे अपनी बुग्गी पर बैठाया और पास के खेत में ले गया, जहां इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता की हालत बेहद खराब थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण किसी भी तरह के तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ गांव में डटे रहे।

जब पुलिस टीम पूछताछ के लिए आरोपी के घर पहुंची तो पता चला कि घटना के बाद से पूरा परिवार फरार है। राजस्व विभाग की जांच में सामने आया कि आरोपी का घर ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से बना हुआ था, जिसे आधी रात में कार्रवाई करते हुए जमींदोज कर दिया गया।

गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

पुलिस के मुताबिक आरोपी फरमान के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!