ट्विशा शर्मा केस: परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए कोर्ट में दाखिल किया नया आवेदन, जानें पूरा मामला मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
भोपाल की अदालत ने ट्विशा शर्मा के परिजनों का आवेदन स्वीकार करते हुए नगर निगम जन्म-मृत्यु शाखा, एम्स दिल्ली व भोपाल और सीबीआई को नोटिस जारी कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर जवाब तलब किया है।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत के मामले की जांच इस समय सीबीआई के हाथ में है। इस केस में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उसकी सास, रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह फिलहाल जेल में बंद हैं। अब इस प्रकरण में ट्विशा के परिजनों ने भोपाल कोर्ट में पोस्टमार्टम रिपोर्ट हासिल करने के लिए एक नया आवेदन दाखिल किया है।

यह आवेदन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शोभना भलावे की अदालत में लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि ट्विशा का डेथ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आवश्यक है। दरअसल, नगर निगम ने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जरूरी बताया है।

कोर्ट ने स्वीकार किया आवेदन, जारी किए नोटिस

भोपाल कोर्ट ने ट्विशा शर्मा के परिजनों के इस आवेदन को मंजूर कर लिया है। अदालत ने नगर निगम की जन्म-मृत्यु शाखा, एम्स दिल्ली और भोपाल तथा सीबीआई को नोटिस भेजकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के संबंध में जवाब मांगा है।

संदिग्ध हालात में हुई थी मौत

गौरतलब है कि 12 मई 2026 को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष का दावा है कि यह आत्महत्या का मामला है, जबकि मृतका के परिजन इसे हत्या करार दे रहे हैं और उन्होंने समर्थ सिंह तथा गिरिबाला सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों का कहना है कि समर्थ और गिरिबाला सिंह ने ट्विशा की हत्या की और फिर इसे आत्महत्या साबित करने के लिए साजिश रची।

सीबीआई के पास है जांच की कमान

ट्विशा शर्मा की मौत के बाद समर्थ सिंह फरार हो गया था, वहीं गिरिबाला सिंह ने अग्रिम जमानत हासिल कर ली थी। बाद में इंदौर हाईकोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी और इसके अगले ही दिन गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंपा गया है। जांच एजेंसी ने समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी, जिसके बाद दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

रिक्रिएशन रिपोर्ट का इंतजार

सीबीआई समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को घटनास्थल यानी घर पर ले गई थी, जहां उनके सामने क्राइम सीन को दोबारा रचा गया। जांच एजेंसी ने एक-एक बिंदु पर बारीकी से काम किया है। अब सीबीआई को रिक्रिएशन रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।

माना जा रहा है कि अगले हफ्ते रिक्रिएशन रिपोर्ट सामने आ सकती है, जिसके आधार पर सीबीआई आगे की कार्रवाई करेगी।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!