मध्य प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह को भोपाल सेंट्रल जेल में खास यानी वीआईपी ट्रीटमेंट मिलने की बात सामने आई है। जैसे ही यह मामला सुर्खियों में आया, जेल प्रबंधन तुरंत सक्रिय हो गया और दोनों आरोपियों को जेल अस्पताल वार्ड से हटाकर बैरक में भेज दिया गया।
डिप्टी जेलर को पद से हटाया गया
दोनों आरोपियों को जेल के भीतर वीआईपी ट्रीटमेंट और अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के मामले में अब जेल प्रबंधन ने कार्रवाई की है। गिरिबाला सिंह की बैरक की सुरक्षा प्रभारी डिप्टी जेलर जया यादव को उनके पद से हटा दिया गया है। यह आदेश सोमवार रात जारी किया गया।
औचक निरीक्षण और गोपनीय रिपोर्ट
दरअसल, हाल ही में डीआईजी (जेल) संजय पांडेय ने भोपाल सेंट्रल जेल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण पूरा होने के बाद उन्होंने महानिदेशक (जेल) को एक गोपनीय रिपोर्ट सौंपी थी। बताया गया है कि इस रिपोर्ट में रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को नियमों के विपरीत जाकर अस्पताल वार्ड में शिफ्ट किए जाने और अतिरिक्त सुविधाएं दिए जाने की पुष्टि हुई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर डिप्टी जेलर जया यादव पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटाया गया।
जेल प्रबंधन ने बढ़ाई सुरक्षा
जेल में गिरिबाला सिंह की सुरक्षा को लेकर भी प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त प्रहरी तैनात किए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। दरअसल, गिरिबाला सिंह ने बतौर जज जिन आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई थी, उनमें से 29 कैदी इसी जेल में बंद हैं, जिसके चलते सुरक्षा को और कड़ा किया गया है।
सीबीआई कर रही है जांच
ट्विशा शर्मा की मौत की जांच सीबीआई कर रही है। जांच एजेंसी आरोपी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है, जिसके बाद दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भोपाल सेंट्रल जेल भेजा गया था। सीबीआई द्वारा क्राइम सीन को भी रिक्रिएट किया जा चुका है और अब एजेंसी को रिक्रिएशन रिपोर्ट का इंतजार है।
बताया जा रहा है कि यह रिपोर्ट इसी हफ्ते आ सकती है। इसके सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ट्विशा की मौत हत्या है या आत्महत्या।
Comments
0 comment