ट्रक में ऊपर कुरकुरे और नीचे छिपा अवैध कफ सिरप, STF ने तोड़ा रैकेट, अब तक 15 गिरफ्तार मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
भोपाल में अवैध नशीले कफ सिरप के कारोबार पर STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 हजार रुपए के इनामी आरोपी समेत 5 लोगों को दबोचा है. आरोपी ट्रकों में ऊपर कुरकुरे के पैकेट रखकर नीचे छिपाकर सिरप की खेप ले जाते थे.

अवैध कफ सिरप के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को अवैध और नशीले कफ सिरप के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम कामयाबी हाथ लगी है. टीम ने अवैध कफ सिरप फैक्ट्री संचालन के मामले में 80 हजार रुपए के इनामी आरोपी समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस पूरे प्रकरण में अब तक 3 नाबालिगों सहित कुल 15 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं.

उल्लेखनीय है कि STF ने 28 और 29 मई की रात भोपाल के पटेल सिटी इलाके में छापा मारकर अवैध रूप से चल रही नशीले कफ सिरप की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था. इसके बाद गांधीनगर स्थित फैक्ट्री से करीब 2 करोड़ रुपए की अवैध कफ सिरप की बोतलें और अन्य सामग्री बरामद की गई थी. जांच आगे बढ़ी तो एक बड़े नेटवर्क की परतें खुलती चली गईं.

विंध्य और महाकौशल तक फैली थी सप्लाई

फरार आरोपियों की तलाश में STF की टीम ने लगातार दबिश देते हुए बैतूल, नई दिल्ली, सीहोर और कई अन्य जगहों पर कार्रवाई की और आरोपियों को धर दबोचा. जांच में सामने आया कि अवैध नशीले कफ सिरप की आपूर्ति मध्य प्रदेश के विंध्य और महाकौशल क्षेत्र तक की जा रही थी.

STF को सतना और जबलपुर जिलों में ऐसे कई ठिकानों की जानकारी मिली है, जहां इस अवैध सिरप की खेप पहुंचाई जाती थी. टीम अब इस पूरी सप्लाई चेन से जुड़े बाकी लोगों की पड़ताल में लगी हुई है.

ट्रक में ऊपर कुरकुरे, नीचे छिपा कफ सिरप

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे नशीले कफ सिरप की खेप को ट्रकों के जरिए एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाते थे. पुलिस की नजरों से बचने के लिए ट्रकों में ऊपर कुरकुरे के पैकेट रख दिए जाते थे, जबकि उनके नीचे अवैध कफ सिरप को छिपाकर ले जाया जाता था. इसी तरकीब से लंबे समय से यह अवैध कारोबार बेरोकटोक चल रहा था.

आगे और गिरफ्तारियों की आशंका

STF अधिकारियों के अनुसार इस मामले में आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं. जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के आर्थिक पहलुओं के साथ-साथ अन्य राज्यों से जुड़े संपर्क सूत्रों की भी छानबीन कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगाम कसने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!