भिंड में सड़क हादसे के बाद उग्र भीड़, पुलिस हिरासत से डंपर चालक को खींचकर जूते-चप्पलों से पीटा मध्य प्रदेश एक घंटा पहले 2
भिंड के दबोह थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार भतीजे की मौत हो गई और चाचा गंभीर रूप से घायल हुआ। गुस्साई भीड़ ने पुलिस की पकड़ से चालक को छुड़ाकर पीटा और डंपर में आग लगा दी।

भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में आक्रोश भड़का दिया। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने न सिर्फ डंपर में आग लगा दी, बल्कि चालक की भी जमकर पिटाई कर दी।

पुलिस हिरासत से खींचकर की पिटाई

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर डायल-112 वाहन में बैठा लिया था। मगर आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों के सामने ही चालक को वाहन से बाहर खींच लिया और उसे जूते-चप्पलों से बुरी तरह पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें भीड़ को चालक की पिटाई करते साफ देखा जा सकता है। नाराज लोगों ने डंपर को भी आग के हवाले कर दिया। इस मामले में पुलिस ने डंपर में आगजनी और चालक के साथ मारपीट को लेकर 13 नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

रविवार सुबह कैसे हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे दबोह थाना क्षेत्र के अमहा गांव के पास कौंच रोड पर यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार डंपर ने अंधे मोड़ पर बाइक सवार चाचा-भतीजे को कुचल दिया। इस टक्कर में भतीजे की मौके पर ही जान चली गई, जबकि चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से नाराज ग्रामीण और स्थानीय लोग बड़ी तादाद में जमा हो गए और चक्काजाम कर दिया। इसके बाद लोगों ने चालक को पुलिस की पकड़ से छुड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।

चालक को बचाने में जुटे रहे पुलिसकर्मी

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस ने डंपर चालक को पकड़कर डायल-112 वाहन में बैठाया था, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस के सामने ही उसे वाहन से बाहर खींचकर बुरी तरह पीटा। इस दौरान पुलिसकर्मी चालक को बचाने की कोशिश करते रहे, मगर भीड़ के आगे बेबस नजर आए। गुस्साई भीड़ ने डंपर में आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि उपद्रव में शामिल एक युवक को भी लोग पुलिस की पकड़ से छुड़ाकर ले गए। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। वहीं वायरल वीडियो के आधार पर कानून-व्यवस्था भंग करने और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान भी की जा रही है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!