चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई की तीसरी गिरफ्तारी, बलिया से गोलू सिंह उर्फ टाइगर गिरफ्तार, साजिश से जल्द उठ सकता है पर्दा उत्तर प्रदेश 2 घंटे पहले 2
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में सीबीआई ने यूपी के बलिया से गोलू सिंह उर्फ टाइगर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने वारदात के लिए गाड़ी और हथियार उपलब्ध कराए थे।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में जांच एजेंसी सीबीआई ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरी गिरफ्तारी की है। एजेंसी ने उत्तर प्रदेश के बलिया से गोलू सिंह उर्फ टाइगर को हिरासत में लिया है। उस पर आरोप है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए उसने गाड़ी और हथियार मुहैया कराए थे।

गिरफ्तारी के बाद कोलकाता ले गई सीबीआई

हत्याकांड में शामिल गोलू सिंह को सीबीआई ने बलिया से दबोचा। गुरुवार को गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर एजेंसी की टीम उसे कोलकाता रवाना हो गई। जांच के मुताबिक इस वारदात में हथियार और कार की खरीद में गोलू सिंह की भूमिका रही है।

सरकारी वकील संजीव सिंह ने बताया कि सीबीआई ने शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में शामिल आरोपी को बलिया कोर्ट में पेश कर 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया है। गोलू सिंह बलिया के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत वासुदेवपुर का निवासी है।

पहले हो चुकी हैं तीन कार्रवाइयां

इससे पहले गुरुवार को ही इस हत्याकांड के मुख्य शूटर ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मोनू ने गैंगस्टर के पुराने मामले में कोर्ट में सरेंडर किया था। सरेंडर के तुरंत बाद उसके दोस्त गोलू सिंह को भी सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले एजेंसी बलिया के ही राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से और नवीन सिंह को बलिया के फेफना से गिरफ्तार कर चुकी है। ज्ञानेंद्र सिंह उर्फ मोनू को राजकुमार सिंह का करीबी बताया जा रहा है।

पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद

सीबीआई को उम्मीद है कि गोलू सिंह से होने वाली पूछताछ में इस हत्याकांड से जुड़ी पूरी साजिश का खुलासा हो सकता है। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई।

एजेंसी अब तक हुई गिरफ्तारियों के जरिए इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। उसे भरोसा है कि इन कार्रवाइयों के बाद आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!