बलिया में दियारा से अचानक गायब हुईं 11 भैंसें, खेत-खेत और गली-गली खोज में जुटी पुलिस उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 19
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दुबहड़ थाना क्षेत्र के जनाड़ी गांव में दियारा क्षेत्र से दो पशुपालकों की कुल 11 भैंसें लापता हो गईं। पीड़ितों ने थाने में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो पशुपालकों की कुल 11 भैंसें अचानक गायब हो गईं। यह मामला दुबहड़ थाना क्षेत्र के जनाड़ी (चकिया के बारी) गांव से सटे दियारा क्षेत्र का है। घटना के बाद से पुलिस खेत-खेत और गली-गली मवेशियों की तलाश में जुटी है। पीड़ित पशुपालकों को आशंका है कि इलाके में भैंस चोरी करने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है।

किसकी कितनी भैंसें हुईं लापता

जनाड़ी गांव के रहने वाले रामाशंकर पासवान की 5 और वीरेंद्र साहनी की 6 भैंसें गायब हुई हैं। दोनों पशुपालक रोज की तरह सुबह अपने मवेशियों को गांव के सामने स्थित दियारा क्षेत्र में चरने के लिए छोड़कर घर लौट आए थे। दोपहर बाद जब वे अपने मवेशियों को देखने पहुंचे, तो पूरा झुंड वहां से गायब था।

सुबह चरने के लिए छोड़ा, दोपहर में मिला सूना मैदान

पशुपालकों ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने 5 जून, 2026 को सुबह करीब 8 बजे अपनी भैंसों को जनाड़ी गांव के सामने दियारा क्षेत्र में चरने के लिए छोड़ा था। दोपहर में जब वे अपनी भैंसों को देखने वहां पहुंचे, तो उन्हें एक भी भैंस नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन शाम तक भैंसों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

शिकायत में यह भी बताया गया कि गायब हुई भैंसों में अधिकांश काले रंग की थीं, जबकि 3 भैंसें भूरे रंग की थीं।

घायल अवस्था में लौटी एक भैंस

अगले दिन यानी 6 जून को सुबह करीब 4 बजे रामाशंकर पासवान की एक भैंस गंभीर रूप से घायल अवस्था में वापस लौट आई। उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे, जिन्हें देखकर लग रहा था कि किसी ने धारदार हथियार से हमला किया हो। इस घटना के बाद पशुपालकों के बीच किसी अज्ञात गिरोह द्वारा पशु चोरी या जानबूझकर हमला किए जाने की आशंका और बढ़ गई है। बाकी 10 भैंसें अभी भी लापता हैं, जिनकी खोजबीन जारी है।

पुलिस कर रही गंभीरता से जांच

पीड़ित पशुपालकों ने इस संबंध में दुबहड़ थानाध्यक्ष को लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दुबहड़ थाना प्रभारी अजय पाल ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने के बाद पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप