गुम या चोरी हुआ मोबाइल अब आसानी से वापस, इस सरकारी पोर्टल से मिल रहा सुराग उत्तर प्रदेश एक घंटा पहले 2
बहराइच में संचार साथी (CEIR) पोर्टल और पुलिस की मदद से सैकड़ों लोगों ने अपने गुम और चोरी हुए मोबाइल वापस पाए हैं। पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर आप भी अपना खोया फोन ट्रैक करा सकते हैं।

अक्सर ऐसा होता है कि मोबाइल फोन कहीं रखकर भूल जाते हैं या फिर भीड़भाड़ वाली जगह से वह चोरी हो जाता है। ज्यादातर लोग यह मान लेते हैं कि अब वह फोन कभी वापस नहीं मिलेगा, लेकिन ऐसा सोचना सही नहीं है। अब गुम हुए मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर उसे आसानी से वापस पाया जा सकता है। शर्त बस इतनी है कि शिकायत करने की सही प्रक्रिया मालूम हो। बहराइच में इसी पोर्टल का लाभ उठाकर सैकड़ों लोगों ने अपना फोन दोबारा हासिल किया है।

पोर्टल पर शिकायत से वापस मिले मोबाइल

जनपद बहराइच के अलग-अलग थानों में मोबाइल गुम होने की 101 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई थीं। इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए बहराइच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विभिन्न थानों के सहयोग से पुलिस ने कुल 101 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया है।

अपना फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने पुलिस के साथ-साथ ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका नतीजा अब उन्हें मिल गया है। कुछ लोगों ने तो फोन मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी, मगर अब वे दूसरों को भी इस पोर्टल के बारे में बताते नहीं थक रहे।

मोबाइल गुम होने पर ऐसे करें शिकायत

फोन गुम होने पर आपको किसी दूसरे मोबाइल या लैपटॉप से संचार साथी (CEIR) पोर्टल पर जाना होगा। यहां अपने फोन की डिटेल और IMEI नंबर भरकर जानकारी अपडेट करनी होती है, जो बेहद आसान प्रक्रिया है। अगर चाहें तो अपने नजदीकी पुलिस थाने में जाकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस आपके फोन को सर्विलांस पर लगाकर उसे ट्रैक करने में मदद करती है। अगर आपका फोन कोई दूसरा व्यक्ति इस्तेमाल करता है, तो पुलिस उस तक पहुंचकर उसे पकड़ लेती है।

शिकायत के बाद मिलता है रिटर्न संदेश

कुछ आसान प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद आपका फोन सही-सलामत आपको वापस मिल जाता है। कई बार इस पूरी प्रक्रिया में थोड़ा समय जरूर लगता है, लेकिन फोन मिल ही जाता है। पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल पर एक रिटर्न संदेश आता है, जिससे यह साफ हो जाता है कि आपका फोन सर्विलांस पर लगा दिया गया है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!