अमेरिका के वॉशिंगटन में F/A-18 हॉर्नेट लड़ाकू विमान क्रैश, जंगल में भड़की आग, पायलट ने इजेक्ट कर बचाई जान विश्व 2 घंटे पहले 2
अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान मरीन कॉर्प्स का F/A-18 हॉर्नेट लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे जंगल में भीषण आग लग गई। पायलट समय रहते इजेक्ट कर सुरक्षित निकल गया और उसे मामूली चोटें आईं।

अमेरिका में एक बार फिर एक लड़ाकू विमान हादसे का शिकार हुआ है। वॉशिंगटन राज्य में अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का F/A-18 हॉर्नेट लड़ाकू विमान एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान के जमीन पर गिरते ही आसपास के जंगल में आग भड़क उठी, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य में कई एजेंसियों को लगाना पड़ा।

रिपोर्ट के अनुसार यह हादसा रिमरॉक लेक के पास हुआ। दुर्घटनाग्रस्त विमान कैलिफोर्निया स्थित मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन मिरामार से संचालित किया जा रहा था और हादसे के समय नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। विमान के क्रैश होने से ठीक पहले पायलट ने इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली।

पायलट को सुरक्षित निकाला गया

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे मामूली चोटें आई हैं और जांच के लिए उसे नजदीकी स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। याकिमा काउंटी के शेरिफ कार्यालय समेत कई आपातकालीन एजेंसियों ने मौके पर बचाव अभियान चलाया।

ओकानोगन-वेनाची नेशनल फॉरेस्ट में लगी आग

विमान के गिरते ही ओकानोगन-वेनाची नेशनल फॉरेस्ट क्षेत्र की झाड़ियों और जंगल में आग फैल गई। आग पर काबू पाने के लिए कई अग्निशमन हेलीकॉप्टरों और स्थानीय फायर डिपार्टमेंट को घटनास्थल पर भेजा गया। नाचेस फायर डिपार्टमेंट समेत कई एजेंसियां आग बुझाने के काम में जुट गईं।

जांच शुरू

दुर्घटनाग्रस्त विमान मरीन एयरक्राफ्ट ग्रुप-11 और थर्ड मरीन एयरक्राफ्ट विंग से जुड़ा था। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि दुर्घटना किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

ईरान युद्ध में भी अमेरिकी सेना को हुआ था नुकसान

गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में भी अमेरिकी वायुसेना को बड़ा झटका लगा था। उस दौरान ईरान के ऊपर एक एफ-15ई स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान मार गिराए जाने की खबर सामने आई थी। उस विमान में सवार दोनों क्रू सदस्य इजेक्ट कर सुरक्षित बाहर निकल आए थे।

उसी दिन एक अन्य ए-10 थंडरबोल्ट-2 अटैक एयरक्राफ्ट भी इलाके में खो गया था, हालांकि उसके पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया था। शुरुआती अमेरिकी आकलन में दावा किया गया था कि दोनों विमानों को ईरानी हमले का सामना करना पड़ा था। फिलहाल वॉशिंगटन में हुए ताजा हादसे की जांच जारी है और अमेरिकी मरीन कॉर्प्स इसके कारणों का पता लगाने में जुटी है।

चेतन शुक्ला
Official Verified Account

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!