राजस्थान
एक घंटा पहले
2
विचारों
अलवर के सरिस्का क्षेत्र में टहला के पास बने 'द बीहड़ सरिस्का' होटल में पर्यटकों को कीड़ों वाला नाश्ता परोसे जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया और फूड इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। शुरुआती जांच में कई खामियां उजागर होने के बाद होटल को नोटिस थमाने की तैयारी की जा रही है।
कैसे सामने आया मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, सरिस्का घूमने पहुंचे पर्यटक सागर यादव, सोनू चौधरी, भगवान यादव, ईश शर्मा और नीरज यादव इसी होटल में रुके हुए थे। रविवार सुबह नाश्ते के दौरान सागर यादव को दिए गए कॉर्न फ्लेक्स में कीड़े नजर आए। बताया जा रहा है कि एक कटोरी कॉर्न फ्लेक्स में करीब पांच-पांच कीड़े मौजूद थे।
सागर यादव ने बताया कि वह मोबाइल देखते हुए आधा नाश्ता कर चुके थे, तभी उन्हें अपने होंठ पर कुछ रेंगता हुआ महसूस हुआ। गौर से देखने पर कॉर्न फ्लेक्स में कीड़े दिखे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत होटल प्रबंधन से इसकी शिकायत की।
तबीयत बिगड़ने की शिकायत
पर्यटक सागर यादव के अनुसार, कीड़ों वाला नाश्ता करने के बाद उन्हें पेट में दर्द और हल्की उल्टी की परेशानी हुई। इतना ही नहीं, अगले दिन उनके चेहरे के एक हिस्से में सूजन भी आ गई। उन्होंने इस बारे में फूड इंस्पेक्टर को दोबारा शिकायत देकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत की जानकारी दी।
घटना के बाद पर्यटकों ने खाद्य सुरक्षा विभाग और राज्य सरकार के हेल्पलाइन पोर्टल 181 पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही कॉर्न फ्लेक्स में दिख रहे कीड़ों का वीडियो भी अधिकारियों को भेजा गया। वीडियो सामने आते ही विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
होटल में जांच और सैंपल
सोमवार को फूड इंस्पेक्टर केशव गोयल होटल पहुंचे और पड़ताल की। जांच के दौरान होटल स्टाफ के स्वास्थ्य परीक्षण से जुड़े प्रमाण पत्र और पानी की गुणवत्ता जांच की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा होटल से दाल, सब्जी और कॉर्न फ्लेक्स के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
फूड इंस्पेक्टर केशव गोयल ने बताया कि होटल को नोटिस जारी किया जा रहा है। खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी। विभाग का कहना है कि यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया तो होटल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Comments
0 comment