क्रिकेट
एक घंटा पहले
2
विचारों
बिहार के गौरव बने आकाशदीप और मुकेश कुमार
भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते हुए तेज गेंदबाज आकाशदीप और मुकेश कुमार के लिए बीते दिन बेहद खास रहे। बिहार सरकार की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना के तहत इन दोनों खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक यानी DSP के पद पर नियुक्त किया गया है। राजधानी पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में एक भव्य आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
संस्कारों की मिसाल बने आकाशदीप
समारोह के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। जैसे ही क्रिकेटर आकाशदीप ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपना नियुक्ति पत्र ग्रहण किया, उन्होंने अपने बिहारी संस्कारों का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग उनकी तुलना युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी से कर रहे हैं, जो अक्सर सार्वजनिक मंचों पर बड़ों के पैर छूकर अपना सम्मान प्रकट करते हैं। फैंस का मानना है कि शिखर पर पहुंचने के बाद भी अपनी जड़ों और बड़ों के प्रति ऐसा सम्मान बरकरार रखना एक खिलाड़ी के बड़े व्यक्तित्व को दर्शाता है। इससे पहले भी वैभव सूर्यवंशी को संजीव गोयनका के पैर छूते हुए देखा गया था, जिसके बाद से ही उनके संस्कारों की चर्चा अक्सर होती रहती है।
आकाशदीप के जीवन का विशेष दौर
क्रिकेटर आकाशदीप के लिए यह साल खुशियों भरा रहा है। कुछ महीने पहले ही वे शादी के बंधन में बंधे हैं। उनकी शादी के मौके पर खुद बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी थी। इसके बाद वाराणसी में एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह समेत कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं।
समारोह में अन्य खिलाड़ियों का सम्मान
इस विशेष कार्यक्रम में सिर्फ आकाशदीप और मुकेश कुमार ही नहीं, बल्कि खेल जगत से जुड़ी कई अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। एथलीट पीयूष राज को पुलिस उप निरीक्षक यानी SI के पद पर नियुक्ति दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद थीं। सरकार ने कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, जिनमें 5 पैरा एथलीट भी शामिल रहे।
सम्मान राशि और प्रोत्साहन
सरकार की खेल सम्मान योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाने वालों में शामिल एथलीट सेतु मिश्रा, जो अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी हैं, उन्हें 37.50 लाख रुपये की राशि दी गई। इसके अलावा, उसी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये और कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली मरियम फातिमा को 9 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
Comments
0 comment