उत्तर प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
पीलीभीत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में देर रात हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश को मार गिराया है। यह घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर मरोरी जंगल के निकट घटित हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ अपराधी सक्रिय हैं, जिसके बाद पुलिस टीम वहां जांच अभियान के लिए पहुंची थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पुलिस को देखते ही उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। पुलिस ने भी अपनी सुरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद मुठभेड़ का सिलसिला शुरू हो गया।
इनामी बदमाश की अस्पताल में मौत
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारे गए अपराधी की शिनाख्त शिवम उर्फ सरबजीत के रूप में की गई है। अपराधी पर हत्या और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर धाराओं में लगभग एक दर्जन मामले दर्ज थे। वह हाल ही में बिलसंडा में हुए पप्पू गुप्ता हत्याकांड का भी मुख्य आरोपी था। पुलिस ने उसके पास से एक 32 बोर की पिस्टल, एक राइफल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। घटनास्थल से एक अन्य बदमाश अंधेरे और जंगल का लाभ उठाते हुए फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस का अभियान जारी है।
दो पुलिसकर्मियों को आई चोटें
इस खतरनाक मुठभेड़ के दौरान बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियों से पुलिस विभाग के दो जवान भी घायल हुए हैं, जिनमें एक उपनिरीक्षक और एक मुख्य आरक्षी शामिल हैं। पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव माधव मिश्रा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने पूरी बहादुरी से इस घटना का सामना किया। उन्होंने बताया कि 28 तारीख को हुए पप्पू गुप्ता मर्डर केस में यह अपराधी मुख्य रूप से वांछित था। मुठभेड़ के बाद घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अब फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments
0 comment