हापुड़: किराए के कमरे में महिला का शव मिला, बदन पर चोटों के निशान; पति फरार होने से हत्या की आशंका उत्तर प्रदेश एक महीने पहले 25
धौलाना थाना क्षेत्र के नगला उदयरामपुर गांव में किराए के मकान में अनु देवी का शव बरामद हुआ। शरीर पर चोट के निशान और पति के फरार होने से पुलिस हत्या की आशंका के तहत जांच कर रही है।

हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम नगला उदयरामपुर में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत से सनसनी फैल गई। एक किराए के मकान के कमरे में महिला का शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र करने का काम शुरू कर दिया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से हुई पूछताछ में पता चला कि मृतका का नाम अनु देवी है। वह मूल रूप से पंजाब के मंडी की रहने वाली थी और अपने पति के साथ यहां रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसका पति आजमगढ़ का निवासी है।

घटना के बाद से पति लापता

मकान मालिक और ग्रामीणों के मुताबिक यह दंपति करीब एक सप्ताह पहले ही इस मकान में किराए पर रहने आया था और उसने अभी तक अपनी आईडी तक जमा नहीं कराई थी। मृतका के शरीर पर मौजूद चोट के निशान देखकर पुलिस को आशंका है कि किसी ठोस वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है। वारदात के बाद से महिला का पति मौके से गायब है, जिससे उस पर हत्या का शक और गहरा हो गया है।

मकान मालिक की ओर से सामने आई जानकारी

मकान मालिक ने बताया कि सुबह जब महिला काफी देर तक नहीं उठी और कमरे के पास जाने पर बदबू आने लगी, तो उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान विनीत प्रधान के अनुसार, यह पूरा मामला उनके भाई रोहतास प्रधान के मकान से जुड़ा है। उन्होंने भी बताया कि पति-पत्नी लगभग एक सप्ताह पहले ही यहां किराए पर रहने आए थे।

घटना से एक रात पहले आए तूफान से पूर्व, करीब 12:00 बजे तक सब कुछ सामान्य था। लेकिन अगली सुबह जब दोनों लंबे समय तक कमरे से बाहर नहीं निकले, तो उनके भाई की पत्नी ने जाकर देखा। दोपहर में जब कमरे के पास पहुंचे तो वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया और चौकी इंचार्ज को भी पूरे मामले से अवगत कराया। प्रधान ने बताया कि कमरे में रहने वाले दोनों लोग पति-पत्नी थे और यहां किसी नौकरी की तलाश में आए थे, हालांकि अभी उन्होंने कहीं काम शुरू नहीं किया था। घटना के बाद से महिला का पति फरार है और वह किस समय वहां से भागा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।

पुलिस जुटी मामले की पड़ताल में

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार पति की तलाश और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चेतन तिवारी पाबना के उत्तर प्रदेश संवाददाता हैं और राज्य की राजनीति, प्रशासन तथा जमीनी मुद्दों को कवर करते हैं। लखनऊ में रहते हुए वे जिलों से लेकर विधानसभा तक की खबरें संतुलित रिपोर्टिंग के साथ पाठकों तक पहुंचाते हैं। आम लोगों के मुद्दों और स्थानीय घटनाओं पर उनका खास फोकस रहता है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप