ज्योतिष
एक घंटा पहले
2
विचारों
जून का यह सप्ताह ग्रह और नक्षत्रों की चाल के लिहाज से कुछ राशियों के लिए बेहद फलदायक तो कुछ के लिए मध्यम साबित होने वाला है। इस अवधि में शुक्र ग्रह चंद्रमा की राशि कर्क में प्रवेश करने जा रहे हैं, जहां पहले से ही गुरु विराजमान हैं। दूसरी ओर मंगल अपनी स्वराशि में बने रहेंगे और सूर्यदेव मृगशिरा नक्षत्र में गोचर करेंगे।
इन ग्रहीय बदलावों के साथ इस सप्ताह कई शुभ योग भी बन रहे हैं। गुरु और शुक्र की युति से गजलक्ष्मी योग तथा मंगल और चंद्र की युति से लक्ष्मी योग का निर्माण हो रहा है। इन योगों का सीधा लाभ सिंह, कन्या और धनु समेत कई राशियों को मिलेगा, जबकि वृषभ, वृश्चिक और मीन सहित कुछ राशियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आइए जानते हैं 8 से 14 जून तक मेष से मीन तक सभी राशियों का हाल।
मेष (Mesh)
इस सप्ताह कामकाज को लेकर आपका आत्मविश्वास मजबूत बना रहेगा। व्यापार से जुड़े जातकों के लिए समय शुभ रहेगा और कई मामलों में फायदा होगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह सामान्य रहेगा, अधिकारियों के साथ बहस से बचें वरना परेशानी हो सकती है। सप्ताह के बीच में सेहत और काम का दबाव परेशान कर सकता है। घरेलू कार्यों के कारण खर्च बढ़ सकते हैं। भाई-बहनों से संबंध मजबूत होंगे और छोटी यात्रा के योग भी बनेंगे।
वृषभ (Vrishabha)
इस सप्ताह सेहत संबंधी दिक्कतें परेशान कर सकती हैं। काम को लेकर भागदौड़ अधिक रहने से तनाव बढ़ सकता है। नौकरीपेशा लोगों के लिए परिणाम सामान्य रहेंगे, ऑफिस के काम समय पर निपटाने की कोशिश करें। पारिवारिक सदस्यों के कारण दांपत्य जीवन में कुछ खटास आ सकती है, जिससे घर का माहौल कुछ समय के लिए बिगड़ सकता है। इस सप्ताह किसी से धन का लेन-देन करने से बचें, अन्यथा पैसा फंस सकता है।
मिथुन (Mithun)
धन से जुड़े मामलों में सफलता मिलेगी और फंसा हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है। प्रेम जीवन के लिहाज से सप्ताह आपके पक्ष में रहेगा और आप पार्टनर की मुलाकात किसी परिजन से करवा सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपके सभी काम बिना रुकावट पूरे होंगे, जिससे ऑफिस में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। सप्ताह के मध्य में किसी बात को लेकर तनाव हो सकता है। पारिवारिक और वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। सप्ताह के अंत में सेहत का ध्यान रखें और खर्च भी हो सकता है।
कर्क (Kark)
यह सप्ताह कुछ मामलों में लाभदायक तो कुछ में परेशानी भरा रहेगा। बिजनेस और दांपत्य जीवन को लेकर कुछ समस्याएं सामने आ सकती हैं। धन लाभ में कुछ अवरोध महसूस होंगे। छात्रों को अधिक मेहनत के बाद सफलता मिलेगी, इसलिए कोई कसर न छोड़ें। गर्मी के मौसम में सेहत और खानपान का विशेष ध्यान रखें, वरना अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। परिजनों का सहयोग आपके लिए लाभकारी रहेगा।
सिंह (Singh)
यह सप्ताह आपके लिए लाभकारी रहने वाला है। आपकी राशि के स्वामी सूर्य इस समय शुक्र की राशि में विराजमान होकर शुभ स्थिति बना रहे हैं। जीवनसाथी के साथ संबंध मधुर रहेंगे और मिलकर किसी संपत्ति की खरीदारी भी हो सकती है। हालांकि सप्ताह के मध्य भाग में नौकरीपेशा जातकों को कुछ परेशानी हो सकती है। बिजनेस में अच्छे लाभ से मन प्रसन्न रहेगा और आर्थिक स्थिति पहले से मजबूत होगी। धर्म-कर्म के कार्यों में मन लगेगा और हर कदम पर परिवार का साथ मिलेगा।
कन्या (Kanya)
इस सप्ताह भाग्य हर कदम पर आपका साथ देगा और धन प्राप्ति के नए रास्ते खुलेंगे। यदि आप किसी कानूनी मामले या विवाद में उलझे हैं तो राहत मिलने की संभावना है। नौकरीपेशा जातकों के लिए सप्ताह अच्छा रहेगा, अधिकारियों के साथ संबंध मजबूत होंगे और आप अपने काम से सबको प्रभावित करेंगे। धन लाभ के अच्छे परिणाम मिलेंगे और अटका हुआ पैसा वापस आने के योग बन रहे हैं, जिससे बैंक बैलेंस भी बढ़ेगा।
तुला (Tula)
इस सप्ताह कई मामलों में सावधानी से काम लेने की जरूरत है। प्रेम जीवन में मिश्रित परिणाम मिलेंगे और लव पार्टनर के साथ किसी बात पर बहस हो सकती है। व्यापारी किसी को उधार में माल देने से बचें, अन्यथा धन हानि हो सकती है। गर्मी में सेहत का ध्यान रखें और वाहन चलाते समय सतर्क रहें। वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी के साथ किसी बात पर बहस की आशंका है। कामकाज को लेकर यात्रा के योग बनेंगे।
वृश्चिक (Vrishchik)
यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। किसी से भी वाद-विवाद से बचें, अन्यथा मामला कानूनी रूप ले सकता है। सेहत का ध्यान रखें क्योंकि सर्दी-जुकाम या मौसमी बीमारी परेशान कर सकती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को अभी काफी मेहनत करनी होगी, जिसमें गुरुजनों का पूरा साथ मिलेगा। मित्रों और रिश्तेदारों के साथ धन के लेन-देन से बचें और निवेश से पहले किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें, वरना आर्थिक नुकसान हो सकता है। इस सप्ताह काम को लेकर भागदौड़ बनी रहेगी।
धनु (Dhanu)
यह सप्ताह आपके लिए अच्छा रहने वाला है। यदि परिवार के किसी सदस्य की सेहत को लेकर चिंतित हैं तो इस सप्ताह आपकी टेंशन कम होगी। घर में कोई शुभ कार्य संपन्न हो सकता है, जिससे आपको शांति मिलेगी। संतान से लाभ मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को शुभ फल प्राप्त होंगे। सप्ताह का अंतिम भाग लाभ देगा और मन भी अच्छा रहेगा, जिससे आप करियर पर बेहतर ध्यान दे पाएंगे। सरकारी कार्यों की अड़चनें दूर हो सकती हैं और धन लाभ के प्रयास तेज होंगे।
मकर (Makr)
यह सप्ताह फलदायक रहने वाला है। आपके अधूरे सरकारी काम इस सप्ताह पूरे होने के योग बन रहे हैं और किसी मित्र के साथ बाहर घूमने की योजना बन सकती है। नौकरीपेशा जातकों को किसी दूसरी कंपनी से अच्छा ऑफर मिल सकता है। जीवनसाथी के साथ संबंधों में चल रही कड़वाहट दूर होगी और रिश्ते फिर सामान्य हो जाएंगे। संतान को लेकर कोई परेशानी हो सकती है, जिसके चलते काफी भागदौड़ करनी पड़ सकती है।
कुंभ (Kumbh)
यह सप्ताह सामान्य रहने वाला है। आपके अधूरे काम पूरे हो सकते हैं, जिससे काफी राहत मिलेगी। इस सप्ताह सुविधाओं में कुछ कमी महसूस हो सकती है और खर्च बढ़ने से कर्ज लेने की स्थिति भी बन सकती है। माता-पिता की सेहत का ध्यान रखें। सप्ताह के मध्य में नौकरीपेशा जातकों को ऑफिस में कुछ समस्या के कारण तनाव हो सकता है। जीवनसाथी का सहयोग लाभकारी रहेगा। उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने के इच्छुक छात्रों की मनोकामना पूरी हो सकती है।
मीन (Meen)
यह सप्ताह मध्यम फलदायी रहने वाला है। गर्मी और भागदौड़ के कारण सेहत से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं, जिसके चलते डॉक्टर के पास भी जाना पड़ सकता है। नौकरीपेशा जातक अपने काम पर ध्यान दें और अधिकारियों व सहकर्मियों के साथ किसी भी तरह की बहस से बचें, वरना दिक्कत हो सकती है। व्यापारियों के लिए सप्ताह सामान्य रहेगा। दैनिक सुख-सुविधाओं में कमी आ सकती है और सप्ताह के अंत में किसी को धन उधार देने से बचें।
Comments
0 comment