मनोरंजन
59 मिनट पहले
2
विचारों
टेलीविजन की चर्चित अभिनेत्री शिल्पा शिंदे इन दिनों अपने एक हैरान कर देने वाले बयान की वजह से सोशल मीडिया पर बुरी तरह घिर गई हैं। साल 2016 में 'भाबीजी घर पर हैं' शो के प्रोड्यूसर पर यौन उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाने की बात स्वीकार करने के बाद यूजर्स उन पर लगातार हमलावर हैं। हर तरफ से हो रहे तीखे विरोध और ट्रोलिंग के बीच अभिनेत्री ने अब एक वीडियो साझा कर अपना पक्ष रखा है और आलोचकों को जवाब देते हुए कहा है कि वह यहां खुद को सही ठहराने नहीं आई हैं।
पॉडकास्ट के खुलासे से शुरू हुआ बवाल
हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान शिल्पा शिंदे ने खुद माना था कि साल 2016 में उन्होंने 'भाबीजी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर पर यौन उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाए थे। इस चौंकाने वाले कबूलनामे के बाद से ही उन्हें भारी विरोध और ट्रोलिंग झेलनी पड़ रही है। इसी बीच गुरुवार को अभिनेत्री ने सामने आकर पूरे विवाद पर अपनी सफाई दी।
'नकारात्मक टिप्पणियों से फर्क नहीं पड़ता'
शिल्पा शिंदे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि उन्होंने जो किया वह सही है और नकारात्मक प्रतिक्रियाओं का उन पर कोई असर नहीं होता।
उन्होंने कहा, 'बहुत से लोगों ने पॉडकास्ट की सिर्फ एक क्लिप के आधार पर, पूरा संदर्भ समझे बिना ही मेरे बारे में राय बना ली। मैं आमतौर पर टिप्पणियां पढ़ती हूं क्योंकि मुझे पता रहता है कि मेरे फैंस क्या लिखते हैं। अगर आप भारती और हर्ष का पॉडकास्ट देखेंगे, तो वहां भी आपको टिप्पणियां दिखेंगी। इस पीआर कैंपेन और आ रही टिप्पणियों के बाद मैं उन लोगों से यही कहना चाहती हूं कि आप जैसा बोते हैं, वैसा ही काटते हैं।'
उन्होंने आगे साफ किया कि कुछ लोग हालात को समझे बगैर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। अभिनेत्री ने कहा, 'मुझे पता था कि ऐसा ही होगा, क्योंकि दुनिया कभी किसी अच्छी चीज की सराहना नहीं करती। आज जो लोग कमेंट कर रहे हैं, उन्हें लगता है कि मुझे यह कहने की जरूरत नहीं थी। मैं यह बात दस साल पहले भी कह सकती थी, जब मैं वह शो कर रही थी, लेकिन मैंने इसे अब कहने का फैसला किया।'
'अंतरात्मा के सामने सही होना चाहती थी'
शिल्पा ने कहा, 'मैं यहां खुद को साबित करने नहीं आई हूं, बल्कि अपनी अंतरात्मा के सामने सही होना चाहती थी क्योंकि वह बात एक झूठ थी। मुझसे ऐसा करने के लिए किसी ने नहीं कहा था, लेकिन मैं उस झूठ के बोझ के साथ जी नहीं पा रही थी। उस वक्त मैं किस मुश्किल दौर से गुजरी, यह कोई नहीं जानता। भगवान न करे कि ऐसी स्थिति का सामना आपको या आपके परिवार को करना पड़े।'
'पैसों के लिए नहीं किया, आत्महत्या तक सोचने लगी थी'
अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह सब पैसों के लिए नहीं किया। उन्होंने कहा, 'यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी, क्योंकि मैं जानती हूं कि उस समय मैंने कितनी बड़ी लड़ाई लड़ी थी। जिस व्यक्ति पर मैंने इल्ज़ाम लगाया, वह जानता है कि असल में क्या हुआ था। मुझे अफसोस है। सॉरी शब्द बहुत छोटा है, लेकिन वह यह भी जानता है कि उस समय मैं किस हालात में थी। तब मुझे लगा कि मेरे पास कोई और रास्ता नहीं है। मैं ऐसी मानसिक स्थिति में थी कि आत्महत्या तक के बारे में सोच रही थी।'
उन्होंने आगे कहा, 'उस वक्त कई लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया और गालियां भी दीं, लेकिन जब आपको पता हो कि आपने कुछ गलत नहीं किया, तो आपको किसी चीज का डर नहीं रहता। उस समय किसी ने मेरा साथ नहीं दिया था, इसलिए अब भी मुझे किसी के साथ की उम्मीद नहीं है। मैं इन सब चीजों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। लोग क्या सोचते हैं, मुझे इसकी परवाह नहीं है। जो प्रोड्यूसर कलाकारों को गालियां देते हैं, वे तो 10-15 साल तक लगातार काम करते रहते हैं, लेकिन हम जैसे कलाकारों से उम्मीद की जाती है कि हम चुप रहें।'
'एक लाइन पर फैसला सुनाना पेड पीआर का घटिया तरीका'
वीडियो पोस्ट करते हुए शिल्पा ने लिखा, 'पूरा पॉडकास्ट देखे बिना सिर्फ एक लाइन के आधार पर फैसला सुना देना, पेड पीआर का घटिया तरीका है। मुझे समझने के लिए मेरे शुभचिंतकों का धन्यवाद।' बता दें कि शिल्पा भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में पहुंची थीं, जहां उन्होंने बताया था कि 'भाबीजी घर पर हैं' के सेट पर उनके साथ हुए यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे थे। इस दौरान उन्होंने उन परिस्थितियों के बारे में भी बताया, जिनके चलते उन्होंने ये आरोप लगाए थे।
गिरफ्तारी और कार्रवाई की उठी मांग
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर शिल्पा शिंदे को जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स और संगठनों ने उनके कबूलनामे के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जबकि कुछ ने तो उनकी गिरफ्तारी तक की मांग कर डाली। नेशनल काउंसिल फॉर मेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए शिल्पा शिंदे पर यौन उत्पीड़न की झूठी शिकायत दर्ज कराने के मामले में कार्रवाई की मांग की।
Comments
0 comment