'370 बिरयानी विवाद' में घिरे प्रणित मोरे के साथ खड़ी हुईं कुनिका सदानंद, की संस्कारों की सराहना मनोरंजन एक महीने पहले 22
'370 बिरयानी कंट्रोवर्सी' के चलते सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग झेल रहे स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के समर्थन में एक्ट्रेस कुनिका सदानंद सामने आई हैं। प्रणित के माफी मांगने के बाद कुनिका ने उनके संस्कारों की तारीफ करते हुए कहा कि गलतियां हर किसी से होती हैं।

स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों ‘370 बिरयानी कंट्रोवर्सी’ को लेकर मुश्किलों में घिरे हुए हैं। सोशल मीडिया से लेकर हर मंच पर उन्हें लगातार ट्रोल किया जा रहा है। इसी बीच इस पूरे बवाल के बीच उन्हें एक्ट्रेस कुनिका सदानंद का बड़ा सहारा मिला है। कुनिका ने खुलकर प्रणित का पक्ष लिया और उनके संस्कारों की प्रशंसा की है। खास बात यह है कि कुनिका शायद पहली ऐसी हस्ती हैं, जो प्रणित के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं।

प्रणित मोरे ने मांगी माफी

इस विवाद में जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करने के बाद प्रणित ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वीडियो में प्रणित कहते दिख रहे हैं कि वे इसी के हकदार हैं, लेकिन अब वे अपनी गलतियों पर काम करेंगे, खुद को बेहतर बनाएंगे और अपने जोक्स में भी बदलाव लाएंगे। उन्होंने कहा कि वे बस एक मौका चाहते हैं। प्रणित के इसी वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कुनिका ने उनकी तारीफ की और समर्थन में उतर आईं।

कुनिका ने खुलकर किया समर्थन

कुनिका ने प्रणित की पोस्ट पर एक लंबा कमेंट किया, जिसे उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी साझा किया। प्रणित के वीडियो पर कुनिका ने लिखा कि गलतियां तो हर कोई करता है, लेकिन उन्हें स्वीकार करने की हिम्मत हर किसी में नहीं होती।

प्रणित तुम एक अच्छे लड़के हो और तुम्हारे संस्कार भी अच्छे हैं, लेकिन जैसा कि मैंने हमेशा कहा है, रोस्टिंग या क्राउड वर्क के दौरान इंसान बहक सकता है। खासकर एक एंटरटेनर के तौर पर, जब आप लोगों को रिएक्ट करते और हंसते हुए देखते हैं। मुझे उम्मीद है कि लोग तुम्हें माफ कर देंगे और महिलाओं के प्रति लोगों का नजरिया बदलेगा। तुम इस पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही सोच की वजह नहीं थे। तुम तो बस उन बहुत से लोगों में से एक थे, जिन्हें यह सोच पीढ़ियों से चली आ रही महिलाओं को सिर्फ एक वस्तु समझने की आदत से मिली थी। भगवान तुम्हारा भला करे, मुझे यकीन है कि तुम शानदार कंटेंट के साथ वापसी करोगे। स्ट्रॉन्ग रहो और सोच-समझकर काम करो।

क्या है पूरा विवाद

दरअसल, हाल ही में प्रणित मोरे के स्टैंडअप कॉमेडी शो का एक वीडियो क्लिप वायरल हुआ था। यह एपिसोड क्राउड वर्क पर आधारित था, तभी ऑडियंस में बैठे हिमांशु जांगड़ा नाम के एक शख्स ने 370 रुपये की बिरयानी वाली बात कही। हिमांशु के मुताबिक, उन्होंने अपनी फीमेल फ्रेंड पर डेट के दौरान 370 रुपये खर्च किए थे और इसका रिटर्न चाहते थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रणित को ट्रोल किया जाने लगा। वहीं, खबरों के अनुसार हिमांशु को नौकरी से भी निकाल दिया गया है।

आन्या कपूर पाबना के मनोरंजन रिपोर्टर हैं, जो बॉलीवुड, ओटीटी और टेलीविजन की खबरें कवर करते हैं। फिल्मों, वेब सीरीज, सेलिब्रिटी और बॉक्स ऑफिस पर उनकी पैनी नजर रहती है। वे मनोरंजन जगत की हलचल को रोचक अंदाज में दर्शकों तक लाते हैं।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप