श्रीलंका के वृद्धाश्रम में दर्दनाक अग्निकांड, 11 बुजुर्गों की मौत और 7 गंभीर रूप से झुलसे विश्व एक घंटा पहले 2
कलुतारा जिले के अंगुरुवाटोटा स्थित एक वृद्धाश्रम में बुधवार शाम लगी भीषण आग में 11 बुजुर्गों की जान चली गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। शुरुआती जानकारी में आग का कारण गैस सिलेंडर फटना बताया जा रहा है।

श्रीलंका में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है। एक वृद्धाश्रम में अचानक लगी भीषण आग में कम से कम 11 बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य बुजुर्ग इस घटना में झुलस गए। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कलुतारा जिले के अंगुरुवाटोटा में स्थित मावपिया सेवाना वृद्धाश्रम में आग भड़क उठी। यह जगह कोलंबो से करीब 65 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में बताई जा रही है।

परिसर में मिले 10 शव, एक की अस्पताल में मौत

पुलिस का कहना है कि वृद्धाश्रम परिसर के भीतर 10 लोग मृत मिले, जबकि एक अन्य बुजुर्ग ने होराना बेस अस्पताल में भर्ती होने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक कुल 51 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वहीं 7 घायल अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। आग की भयावह तस्वीरें देखकर आसपास के लोग सिहर उठे।

गैस सिलेंडर फटने से तेजी से फैली आग

पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया कि घटना के समय एक गैस सिलेंडर फट गया, जिसके चलते आग ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया।

बचाए गए लोगों को नजदीकी स्कूल में रखा गया

फिलहाल वृद्धाश्रम में आग लगने की असल वजह का अब तक पता नहीं चल सका है। समाचार पोर्टल 'न्यूजफर्स्ट डॉट एलके' के मुताबिक, आग से बचाए गए लोगों को अस्थायी तौर पर पास के एक स्कूल में ठहराया गया है। इन सभी को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

दिल्ली के होटल में आग, 21 लोगों की जान गई

गर्मी के मौसम के साथ ही आग की घटनाओं में भी इजाफा हो गया है। भारत की राजधानी दिल्ली में बुधवार को एक होटल में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश विदेशी नागरिक बताए गए हैं। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोग झुलसे भी, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

बिहार में अस्पताल के आईसीयू में आग, 4 की मौत

उधर, बिहार के मुजफ्फरपुर से भी आग लगने की खबर सामने आई है। यहां एक अस्पताल के आईसीयू में आग भड़क उठी, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!