श्रीलंका: वेसाक पर्व के बीच भीड़ पर चढ़ी पिकअप, 6 लोगों की जान गई; 13 घायल विश्व 14 घंटे पहले 2
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के उपनगर मीगोडा में वेसाक उत्सव के दौरान नशे में धुत चालक की पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी भीड़ को रौंद दिया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।

कोलंबो: श्रीलंका में एक बौद्ध त्योहार के आयोजन के बीच पिकअप वाहन की टक्कर से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि इस हादसे में 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार वेसाक पर्व मना रहे लोगों की भीड़ सड़क किनारे भोजन का इंतजार कर रही थी, तभी एक पिकअप ने वहां खड़े कई लोगों को कुचल दिया। बताया जा रहा है कि वाहन चला रहा व्यक्ति नशे में था और हादसे के बाद मौके से भाग निकला, हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया।

भीड़ के बीच घुसा दिया वाहन

पुलिस के मुताबिक कोलंबो के बाहरी हिस्से में कुछ लोग बौद्ध त्योहार वेसाक का आयोजन कर रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पिकअप को सीधे भीड़ के बीच घुसा दिया। इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की जान चली गई, वहीं 13 अन्य लोग घायल हो गए। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। कोलंबो के उपनगर मीगोडा में वेसाक उत्सव चल रहा था और सड़क किनारे लगी खाने की दुकानों पर कुछ लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तभी पिकअप ने उन्हें रौंद दिया।

छह लोगों ने गंवाई जान

पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में 35 से 38 वर्ष की आयु के तीन पुरुषों और 15 से 56 वर्ष की आयु की तीन महिलाओं की मौत हुई है। हादसे में एक शिशु समेत 13 अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि 42 वर्षीय चालक टक्कर के बाद वहां से फरार हो गया था, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने शराब पी रखी थी और गाड़ी चलाते समय वह नशे की हालत में था।

क्या है वेसाक पर्व

गौरतलब है कि वेसाक बौद्ध अनुयायियों का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व माना जाता है। यह भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है। हर साल मई महीने की पहली पूर्णिमा को इसका आयोजन होता है। इस अवसर पर पूरे श्रीलंका में श्रद्धालु मुफ्त भोजन के स्टॉल लगाते हैं और लोगों को जलपान तथा भोजन उपलब्ध कराते हैं, जिसके चलते आयोजन स्थलों पर भारी भीड़ जुटती है।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!