खेल
एक घंटा पहले
2
विचारों
श्री चरणी ने छोड़ा सबको पीछे
ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय गेंदबाज श्री चरणी का प्रदर्शन शानदार रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में दो विकेट चटकाते ही उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। श्री चरणी अब टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे अधिक विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बन गई हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ उन्होंने 6 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।
पूनम यादव का रिकॉर्ड टूटा
श्री चरणी ने टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में अब तक कुल 12 विकेट हासिल किए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अनुभवी लेग स्पिनर पूनम यादव के नाम था, जिन्होंने साल 2020 के टी20 वर्ल्ड कप में कुल 10 विकेट लिए थे। श्री चरणी ने अपनी सटीक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को लगातार मुश्किल में डाला है। उन्होंने अपने चार मैचों के सफर में 12 विकेट लेकर खुद को टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज के रूप में स्थापित किया है।
एक संस्करण में सर्वाधिक विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज
- श्री चरणी (2026): 12 विकेट
- पूनम यादव (2020): 10 विकेट
- डायना डेविड (2010): 9 विकेट
- पूनम यादव (2014): 8 विकेट
- पूनम यादव (2018): 8 विकेट
- राधा यादव (2018): 8 विकेट
बांग्लादेश के खिलाफ कसी हुई गेंदबाजी
बांग्लादेश के विरुद्ध मैच में श्री चरणी की फिरकी का जादू स्पष्ट रूप से दिखा। उन्होंने अपने निर्धारित 4 ओवर में मात्र 21 रन खर्च किए और 2 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। चरणी ने शोरना अख्तर और नाहिदा अख्तर को आउट कर विरोधी टीम की कमर तोड़ दी। उनकी इस घातक गेंदबाजी के कारण बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 136 रन ही बना सकी। इस मैच में राधा यादव ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए। बांग्लादेश की ओर से जुएरिया फिरदौस ने 33 रन और कप्तान निगार सुल्ताना ने 32 रन का योगदान दिया।
Comments
0 comment