शत्रुघ्न सिन्हा ने नहीं छोड़ा TMC का साथ! सूत्रों ने किया दावा- 'हस्ताक्षर की खबरें झूठी, फिलहाल दिल्ली से बाहर हैं' भारत 2 घंटे पहले 2
टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के करीबी सूत्रों ने इस बात का खंडन किया है कि उन्होंने एनडीए में शामिल होने संबंधी किसी पत्र पर दस्तखत किए हैं। सूत्रों के मुताबिक वे अभी ममता बनर्जी के साथ ही बने हुए हैं।

पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कथित बागी सांसदों को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। शत्रुघ्न सिन्हा के नजदीकी सूत्रों का कहना है कि उन्होंने किसी भी प्रकार के पत्र पर अपने हस्ताक्षर नहीं किए हैं। उनके मुताबिक, इस तरह की खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद हैं और सिन्हा इस समय दिल्ली से बाहर हैं।

दरअसल, हाल ही में ऐसी खबरें फैली थीं कि यूसुफ पठान, शत्रुघ्न सिन्हा, काकोली घोष दस्तीदार और सायनी घोष समेत टीएमसी के 19 लोकसभा सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में जाने की मंशा जाहिर की है।

सूची में शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी

बंगाल में टीएमसी की हार के बाद जिन नेताओं का पार्टी से मन भटका बताया जा रहा है, उनकी एक सूची सामने आई थी। इस कथित बागी सांसदों की फेहरिस्त में यूसुफ पठान, अबू ताहिर खान, पार्थ भौमिक, काकोली घोष दस्तीदार, बापी हलदर, सायोनी घोष, रचना बनर्जी, असित मल, के रहमान, शर्मिला सरकार, मिताली बाग, शत्रुघ्न सिन्हा, कालीपद सोरेन, जून मालिया, माला रॉय, देव अधिकारी, शताब्दी रॉय, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया और अरूप चक्रवर्ती के नाम गिनाए जा रहे हैं।

क्या ममता के साथ टिके रहेंगे सिन्हा

वहीं अब उनके करीबी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि वे टीएमसी से बगावत नहीं कर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि फिलहाल वे ममता बनर्जी के साथ ही बने रहेंगे। हालांकि, अभी तक शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मसले पर खुलकर कोई औपचारिक बयान नहीं दिया है।

आसनसोल सीट से सांसद हैं शत्रुघ्न

गौरतलब है कि टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी के टिकट पर आसनसोल से जीत हासिल की थी और मौजूदा समय में भी वे इसी सीट से पार्टी के सांसद हैं।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!