अडानी समूह पर एसबीआई म्‍यूचुअल फंड का बड़ा भरोसा, दो कंपनियों में खरीदी 5747 करोड़ की हिस्‍सेदारी, शेयरों में तेजी व्यापार 3 महीने पहले 43
एसबीआई म्‍यूचुअल फंड ने अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में कुल 5,747.55 करोड़ रुपये की हिस्‍सेदारी खरीदी है। इस सौदे के बाद दोनों कंपनियों के शेयरों में अच्‍छी तेजी देखने को मिली।

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई की सहयोगी इकाई एसबीआई म्‍यूचुअल फंड ने अडानी समूह की दो प्रमुख कंपनियों में मोटा निवेश किया है। खुले बाजार में हुए लेनदेन के जरिये फंड हाउस ने अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में मिलाकर कुल 5,747.55 करोड़ रुपये की हिस्‍सेदारी अपने नाम की है। यह पूरी हिस्‍सेदारी अमेरिकी निवेश फर्म जीक्यूजी पार्टनर्स से खरीदी गई है। इस बड़े दांव के बाद खुदरा निवेशकों के रुख में भी बदलाव नजर आया और दोनों कंपनियों के स्‍टॉक्‍स तेजी के साथ बंद हुए।

सौदे का पूरा ब्‍योरा

एनएसई पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, एसबीआई म्‍यूचुअल फंड ने अडानी एंटरप्राइजेज के 1,64,39,984 शेयर खरीदे, जो कंपनी की करीब 1.3 फीसदी हिस्‍सेदारी के बराबर हैं। इसके साथ ही फंड ने अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के 63,65,796 शेयर भी खरीदे, जो कंपनी की लगभग 0.52 फीसदी हिस्‍सेदारी का प्रतिनिधित्‍व करते हैं।

इन शेयरों की खरीद 1,504.80 रुपये से लेकर 2,913.40 रुपये प्रति शेयर के दायरे में हुई और दोनों सौदों का कुल मूल्‍य 5,747.55 करोड़ रुपये रहा। निवेशक राजीव जैन समर्थित जीक्यूजी पार्टनर्स ने अपनी सहयोगी इकाई 'जीक्यूजी पार्टनर्स इमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड' के माध्‍यम से अडानी समूह की इन दोनों कंपनियों में समान संख्‍या में शेयर बेचे हैं।

शेयरों में दिखी तेजी

एसबीआई म्‍यूचुअल फंड की ओर से हिस्‍सेदारी खरीदे जाने के बाद अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में उछाल दर्ज किया गया। शुक्रवार को स्‍टॉक एक्‍सचेंज पर कंपनी के शेयर 2.36 फीसदी की तेजी के साथ 3,043 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसी तरह अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों में भी 3.87 फीसदी की बढ़त रही और यह आखिरकार 1,578.80 रुपये के स्‍तर पर बंद हुआ। फंड हाउस के इस कदम के बाद खुदरा निवेशकों के सेंटिमेंट में भी सकारात्‍मक बदलाव आता दिख रहा है।

अडानी एंटरप्राइजेज का रिटर्न

अडानी एंटरप्राइजेज ने बीते तीन साल में निवेशकों को 25.24 फीसदी का रिटर्न दिया है। कंपनी का एक साल का रिटर्न 21.71 फीसदी रहा है, जबकि तीन महीने का रिटर्न 45.90 फीसदी तक पहुंच गया। सालाना आधार पर अब तक का रिटर्न 36.10 फीसदी रहा है। वहीं पिछले एक महीने में स्‍टॉक ने 23.81 फीसदी और एक सप्‍ताह में 3.77 फीसदी का रिटर्न दिया है।

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस का प्रदर्शन

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस ने पिछले तीन साल में 90.70 फीसदी का जबरदस्‍त रिटर्न दिया है। कंपनी का एक साल का रिटर्न भी 81 फीसदी से अधिक रहा है। सालाना आधार पर अब तक यह 53.70 फीसदी का मुनाफा दे चुकी है, जबकि एक साल का रिटर्न 59.83 फीसदी रहा है। बीते एक महीने में इसका शेयर 12 फीसदी और एक सप्‍ताह में 4.34 फीसदी चढ़ा है।

राजीव खन्ना पाबना के व्यापार संवाददाता हैं और कंपनियों, बाजार तथा अर्थव्यवस्था की खबरों को सरल भाषा में समझाते हैं। कारोबार जगत के बड़े फैसलों, नीतिगत बदलावों और उनके आम आदमी पर असर को वे गहराई से कवर करते हैं। उनका मकसद जटिल आर्थिक खबरों को हर पाठक के लिए आसान बनाना है।

आपकी प्रतिक्रिया?

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!

फेसबुक वार्तालाप