खेल
14 घंटे पहले
2
विचारों
भारत की नंबर-1 बैडमिंटन युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 31 मई को सिंगापुर ओपन 2026 के पुरुष युगल फाइनल में जीत दर्ज करते हुए नया इतिहास रच दिया। खिताबी भिड़ंत में उनका मुकाबला इंडोनेशिया की नंबर-3 वरीयता प्राप्त फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिकरी की जोड़ी से हुआ। तीन सेटों तक खिंचे इस रोमांचक मुकाबले को भारतीय जोड़ी ने 2-1 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही सात्विक-चिराग ने पिछले दो साल से चले आ रहे BWF खिताबी सूखे को भी समाप्त कर दिया।
पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी
फाइनल मुकाबले में सात्विक-चिराग की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पहले सेट में इंडोनेशियाई जोड़ी ने उन्हें 21-18 के अंतर से हराकर बढ़त बना ली। हालांकि इसके बाद भारतीय जोड़ी ने जोरदार वापसी की और दूसरे सेट में अपना दबदबा दिखाते हुए उसे 21-15 से जीत लिया, जिससे मुकाबला 1-1 की बराबरी पर पहुंच गया।
अब सबकी निगाहें निर्णायक तीसरे सेट पर टिकी थीं। सिंगापुर इंडोर स्टेडियम में दोनों जोड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंत में सात्विक-चिराग ने अपनी लय बनाए रखते हुए यह सेट 21-16 के अंतर से जीत लिया और अपने करियर में पहली बार सिंगापुर ओपन का खिताब अपने नाम किया। पुरुष युगल का यह फाइनल कुल 73 मिनट तक चला। इससे पहले सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी ने सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए मौजूदा नंबर-1 पुरुष जोड़ी को मात देकर फाइनल में जगह पक्की की थी।
दो साल बाद मिला BWF वर्ल्ड टूर खिताब
सिंगापुर ओपन की ट्रॉफी जीतने के साथ ही सात्विक-चिराग ने अपने BWF वर्ल्ड टूर खिताब के इंतजार को भी खत्म कर दिया। मई 2024 में थाईलैंड ओपन जीतने के बाद यह उनका पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब है। बीते दो वर्षों में इस जोड़ी को तीन फाइनल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, जिनमें इसी महीने की शुरुआत में खेला गया थाईलैंड ओपन भी शामिल है। आखिरकार दोनों खिलाड़ी अपनी इस लगातार हार के सिलसिले को रोकने में सफल रहे।
Comments
0 comment