विश्व
एक घंटा पहले
3
विचारों
विनाश का नया संकेत
दुनिया भर में प्राकृतिक आपदाओं का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन अब वैज्ञानिकों ने एक ऐसे खतरे की ओर इशारा किया है जिसे लेकर दुनिया ने शायद अभी तक गंभीरता से नहीं सोचा है। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों की एक ताजा रिपोर्ट ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। शोधकर्ताओं का मानना है कि आने वाले समय में तबाही की वजह बाढ़ या सुनामी जैसी घटनाएं नहीं, बल्कि एक विशाल ज्वालामुखी विस्फोट होगा। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस सदी में मैग्नीट्यूड-7 या उससे अधिक तीव्रता वाले ज्वालामुखी विस्फोट की आशंका 6 में से 1 है। यदि ऐसा कोई बड़ा विस्फोट होता है, तो यह पूरी मानव सभ्यता के लिए संकट का कारण बन सकता है।
विनाशकारी क्षमता
नेचर जर्नल में छपे अध्ययन के मुताबिक, एक बड़े ज्वालामुखी विस्फोट का असर पृथ्वी से टकराने वाले एक किलोमीटर चौड़े उल्कापिंड जैसा विनाशकारी हो सकता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि सरकारों का ध्यान फिलहाल अंतरिक्ष से आने वाले खतरों जैसे एस्टेरॉयड पर तो है, लेकिन ज्वालामुखी जैसे जमीनी खतरों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां ना के बराबर हैं। ज्वालामुखी विस्फोट न केवल स्थानीय जलवायु को बिगाड़ देगा, बल्कि पूरी दुनिया की खाद्य श्रृंखला और वैश्विक अर्थव्यवस्था को चरमरा सकता है।
टोंगा द्वीप का सबक
हाल के वर्षों में प्रशांत महासागर स्थित टोंगा द्वीप पर हुआ ज्वालामुखी विस्फोट आधुनिक तकनीक से दर्ज की गई अब तक की सबसे शक्तिशाली घटनाओं में गिना जाता है। हालांकि, शोधकर्ताओं ने आगाह किया है कि भविष्य में इससे भी 10 से 100 गुना अधिक शक्तिशाली विस्फोट होने की प्रबल संभावना है। अनुमान लगाया गया है कि ऐसे भयानक ज्वालामुखी विस्फोट औसत रूप से हर 625 वर्षों में एक बार होते हैं। पहले माना जाता था कि यह अंतराल इससे कहीं कम है, लेकिन ताजा शोध इस खतरे की तीव्रता को और अधिक स्पष्ट कर रहा है।
इतिहास का भयावह सच
इतिहास गवाह है कि ज्वालामुखी का प्रकोप कितना घातक हो सकता है। वर्ष 1815 में इंडोनेशिया के माउंट तंबोरा में हुआ विस्फोट इसका सबसे प्रमुख उदाहरण है। उस समय हुई इस प्राकृतिक आपदा में लगभग एक लाख लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। इस विस्फोट के प्रभाव से वैश्विक तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके कारण फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं और दुनिया भर में खाद्य संकट के साथ-साथ भयंकर अकाल और बीमारियों का प्रकोप फैल गया था।
बढ़ती जनसंख्या और बढ़ता जोखिम
इस अध्ययन की लेखिका डॉक्टर लारा मानी का कहना है कि बर्फ की परतों के विश्लेषण से प्राप्त पुराने साक्ष्य यह संकेत दे रहे हैं कि अगले 100 वर्षों में एक बड़े विस्फोट की संभावना 6 में से 1 है। वहीं, डॉक्टर माइक कैसिडी ने इस खतरे की तुलना मौजूदा स्थिति से करते हुए बताया कि 1815 के मुकाबले आज दुनिया की जनसंख्या 8 गुना बढ़ चुकी है और वैश्विक व्यापार में लगभग 40 गुना का इजाफा हुआ है। ऐसे में यदि आज के समय में ऐसा कोई विस्फोट होता है, तो उसका प्रभाव पहले की तुलना में कई गुना अधिक विनाशकारी और व्यापक होगा। पिछले 60 हजार वर्षों के दौरान करीब 97 बड़े ज्वालामुखी विस्फोट हुए हैं, लेकिन अफसोस की बात यह है कि अभी भी उनके सभी संभावित केंद्रों की पहचान नहीं हो सकी है। वैज्ञानिकों ने जोर देकर कहा है कि ज्वालामुखी क्षेत्रों की बेहतर निगरानी, जोखिम वाले स्थानों की सटीक पहचान और वैश्विक जागरूकता ही इस आने वाली विपत्ति से बचने के एकमात्र उपाय हैं।
Comments
0 comment