छत्तीसगढ़ के युवा बल्लेबाज आयुष पांडे को इंडिया-ए में जगह, श्रीलंका दौरे पर दिखेगा दम छत्तीसगढ़ एक घंटा पहले 3
छत्तीसगढ़ की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले 22 वर्षीय आयुष पांडे को श्रीलंका-ए के खिलाफ मल्टी-डे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में चुना गया है। उनकी लगातार दमदार बल्लेबाजी का इनाम उन्हें यह बड़ा मौका मिलने के रूप में मिला है।

छत्तीसगढ़ की ओर से घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले युवा बल्लेबाज आयुष पांडे के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। उन्हें भारतीय-ए टीम में जगह दी गई है। पिछले कुछ समय से वह बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं और रणजी ट्रॉफी में अपनी अहम पारियों के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचने में कामयाब रहे हैं। अब छत्तीसगढ़ का यह होनहार खिलाड़ी इंडिया-ए की जर्सी में मैदान पर उतरता नजर आएगा। भारतीय-ए टीम को मल्टी-डे सीरीज श्रीलंका की धरती पर खेलनी है, जहां आयुष की बल्लेबाजी का जलवा देखने को मिलेगा।

इंडिया-ए टीम में मिली जगह

बीसीसीआई ने श्रीलंका-ए के खिलाफ होने वाली मल्टी-डे सीरीज के लिए भारतीय-ए टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है, जबकि देवदत्त पडिक्कल को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। इस सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी आयुष पांडे को भी मौका दिया है। अब वह श्रीलंका की धरती पर अपना कमाल दिखाएंगे।

घरेलू क्रिकेट में चमके आयुष

आयुष पांडे का जन्म 19 सितंबर 2003 को हुआ था। वह घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हैं। बीते कुछ वर्षों में रणजी ट्रॉफी और अन्य टूर्नामेंट्स में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है, जिसका इनाम अब उन्हें मिला है। महज 22 साल की उम्र में ही उन्हें इंडिया-ए टीम में जगह बनाने का अवसर मिल गया है।

कैसा रहा है आयुष का करियर

आयुष पांडे अब तक 19 फर्स्ट क्लास मैचों में कुल 1430 रन बना चुके हैं। इसके साथ ही 6 लिस्ट-ए मैचों में उनके बल्ले से 268 रन निकले हैं, वहीं 9 टी20 मैचों में उन्होंने 100 रन बनाए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 5 विकेट भी दर्ज हैं। ओपनिंग करते हुए लंबी पारी खेलने की काबिलियत उनकी सबसे बड़ी खूबी है।

कब-कब होंगे मुकाबले

श्रीलंका-ए के खिलाफ भारतीय-ए टीम को दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला 25 जून से 28 जून तक खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 2 जुलाई से 5 जुलाई के बीच आयोजित होगा।

श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया-ए टीम

ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रुतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, सारांश जैन, गुरनूर बराड़, औकिब नबी, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, एन जगदीसन (विकेटकीपर), अमन मोखड़े, शेख रशीद और जीशान अंसारी।

चेतन शुक्ला (Chetan Shukla) Print & Broadcast News Agency (PABNA) में 'मुख्य संपादक' हैं। वह पत्रकारिता में 15 वर्ष से ज्यादा का अनुभव रखते हैं। ये मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें राजनीति और आम आदमी से जुड़ी खबरें लिखना पसंद है।

आपकी प्रतिक्रिया?


आपको यह भी पसंद आ सकता हैं

Comments

https://pabna.in/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!