बिहार
2 घंटे पहले
6
विचारों
पूर्णिया समेत पूरे सीमांचल इलाके से बिहार की राजधानी पटना आने-जाने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही पूर्णिया और खगड़िया के बीच नेशनल हाईवे 31 की मौजूदा सिंगल लाइन सड़क को फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। बीते दिन भारत सरकार की कैबिनेट ने इस 143 किलोमीटर लंबे प्रोजेक्ट के लिए करीब 4000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इससे न सिर्फ आवाजाही आसान होगी, बल्कि लोगों को जाम की परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा।
लाखों लोगों के लिए राहत की खबर
बिहार के पूर्णिया और सीमांचल के लाखों लोगों के लिए इसे बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले कुछ वर्षों में पटना तक की सड़क यात्रा पहले के मुकाबले कहीं अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी। दरअसल, खगड़िया से पूर्णिया तक नेशनल हाईवे 31 को फोरलेन बनाने की योजना को केंद्र सरकार की हरी झंडी मिल चुकी है। करीब 4000 करोड़ रुपये की लागत से यह काम पूरा किया जाएगा, जिससे इस मार्ग पर सफर करने वालों का समय भी बचेगा।
आवाजाही होगी आसान, जाम से मिलेगी निजात
पूर्णिया के यात्रियों ने इस फोरलेन प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने पर खुशी जताई है और सरकार का आभार भी प्रकट किया है। पूर्णिया से रोजाना 20 से अधिक गाड़ियां खगड़िया की ओर रवाना होती हैं। पूर्णिया बस स्टैंड के बस कंडक्टर, बस चालक और यात्री रणविजय सिंह, मंटू झा, रणजीत यादव, संजय कुमार सिंह तथा प्रदीप समेत कई लोगों का कहना है कि खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन बनने के बाद आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
2 घंटे का सफर पूरा करने में लग जाते हैं साढ़े 4 घंटे
इन लोगों ने बताया कि अभी भी रोजाना कई वाहन पूर्णिया से खगड़िया जाते हैं, लेकिन अक्सर घंटों जाम में फंसे रहते हैं। नतीजतन करीब 2 घंटे का सफर कई बार साढ़े 4 घंटे में जाकर पूरा होता है, जिससे यात्री रास्ते में काफी थक जाते हैं। उनका कहना है कि जब यह फोरलेन तैयार हो जाएगा, तब बड़ी राहत मिलेगी और पूर्णिया से पटना, बेगूसराय तथा खगड़िया तक का सफर कम समय में आसानी से तय किया जा सकेगा।
अब लोगों को निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार
गौरतलब है कि सीमांचल क्षेत्र के लोग लंबे समय से खगड़िया-पूर्णिया मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग करते आ रहे थे। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद अब लोगों की उम्मीदें परवान चढ़ गई हैं। उन्हें भरोसा है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और आने वाले वर्षों में इलाके को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी। फिलहाल लोग उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब इस फोरलेन सड़क पर सफर करना पूरी तरह आसान हो जाएगा।
Comments
0 comment