बिहार
एक दिन पहले
11
विचारों
बिहार में सरकारी बंगलों के आवंटन को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच राज्य सरकार ने दो मंत्रियों के आवास में बड़ा बदलाव किया है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को राजधानी पटना स्थित 5 देशरत्न मार्ग का बंगला दिया गया है। यह वही आवास है, जहां सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री रहते हुए निवास करते थे। वहीं मंत्री रामकृपाल यादव को 2 देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है।
नए आवंटन के बाद निशांत कुमार अब उसी बंगले में रहेंगे, जिसमें पहले सम्राट चौधरी बतौर डिप्टी सीएम रहा करते थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी अब 1 अणे मार्ग यानी बिहार लोक सेवक आवास में रह रहे हैं।
निशांत कुमार के बंगले में हुआ बदलाव
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को 2 देशरत्न मार्ग का बंगला दिया गया था। यह वही आवास है, जिसे लंबे समय तक बिहार विधानसभा अध्यक्ष के लिए आरक्षित माना जाता रहा है। अब नए आदेश के तहत यह बंगला रामकृपाल यादव को सौंप दिया गया है, जबकि निशांत कुमार को 5 देशरत्न मार्ग आवंटित किया गया है। इसके साथ ही 5 देशरत्न मार्ग को लेकर बना सस्पेंस भी समाप्त हो गया है। दरअसल, बीते कुछ दिनों से लगातार यह चर्चा चल रही थी कि सम्राट चौधरी के आवास खाली करने के बाद यह बंगला किसे दिया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री के लिए माना जाता रहा 5 देशरत्न मार्ग
राजनीतिक हलकों में 5 देशरत्न मार्ग को बेहद अहम आवास माना जाता है। बताया जाता है कि यह बंगला आमतौर पर राज्य के उपमुख्यमंत्री के लिए निर्धारित रहा है। जब सम्राट चौधरी नीतीश कुमार सरकार में उपमुख्यमंत्री थे, तब वे इसी आवास में रहते थे। हालांकि नई सम्राट सरकार के गठन के बाद दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने इस बंगले में रहने की इच्छा नहीं जताई। यही कारण रहा कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह आवास किसी अन्य मंत्री को नहीं दिया गया था। अब सरकार ने इसे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नाम कर दिया है।
सीएम हाउस से अलग हुआ 5 देशरत्न मार्ग
दरअसल, बिहार सरकार ने कुछ समय पहले अस्थायी व्यवस्था के तहत 5 देशरत्न मार्ग को 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास परिसर के साथ जोड़ दिया था, जिसके बाद इसे मुख्यमंत्री आवास का हिस्सा माना जाने लगा था। लेकिन हाल ही में सरकार ने इस आदेश को निरस्त कर दिया और 1 अणे मार्ग तथा 5 देशरत्न मार्ग को फिर से अलग-अलग परिसरों के रूप में बहाल कर दिया। इसके बाद 5 देशरत्न मार्ग एक स्वतंत्र सरकारी आवास के रूप में उपलब्ध हो गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग यानी बिहार लोक सेवक आवास में रहते हैं, जबकि खाली हुए 5 देशरत्न मार्ग को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नाम आवंटित कर दिया गया है।
Comments
0 comment