बिहार
3 घंटे पहले
3
विचारों
कभी जिनकी आवाज के लाखों दीवाने थे, आज उन्हीं की तलाश में पुलिस की पांच टीमें जुटी हुई हैं। जिनसे पढ़ने का सपना हजारों छात्र संजोते थे, बशीर खान का वही बेटा अब हीरो से विलेन बनता दिख रहा है। 'खान सर' के नाम से देशभर में पहचान बनाने वाले शिक्षक को अब फैजल खान कहकर पुकारा जा रहा है।
नाम पूरा लिखने या बोलने में कोई दिक्कत नहीं, लेकिन 'सर' हटते ही और नाम का पहला शब्द जुड़ते ही मानो सब कुछ बदल गया हो। फैजल खान फिलहाल फरार हैं। उन्हें खोजने के लिए बनी टीम में दो डीएसपी और तीन एसएचओ सहित पांच अफसर शामिल हैं।
एक बंद कोठरी से देशव्यापी पहचान तक
हर कोई उन्हें खान सर के नाम से जानता था। यह वही नाम था जो पढ़ाने के देसी अंदाज के दम पर पूरे देश में छा गया। एक बंद कोठरी से शुरू हुए सफर को यूट्यूब ने एक आंदोलन में बदल दिया। लोकप्रियता का आलम यह था कि एक झलक पाने के लिए हजारों की भीड़ जुट जाती थी और ऑनलाइन क्लास शुरू होने पर रीयल टाइम में फॉलो करने वाले लाखों में पहुंच जाते थे।
हर मंच से वे एक ही सपना दिखाते — अगर कोई गरीब उनके पास आए तो सिर्फ गरीबी के कारण उसके सपने को मरने नहीं दिया जाएगा। होमगार्ड और सिपाही भर्ती से लेकर यूपीएससी की तैयारी करने वालों तक के बीच खान सर लोकप्रिय थे। जैसे ही कोई सफल कैंडिडेट उनका नाम लेता, लाखों युवा उनके मुरीद बन जाते।
2 जून की रात का मामला
पूरा विवाद 2 जून 2026 की रात का है। पटना स्थित खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर हुए हंगामे के दौरान खान सर ने अपने सुरक्षा गार्डों को भीड़ को डराने और भगाने के लिए फायरिंग करने का निर्देश दिया। कदमकुआं पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, इस दौरान गार्डों ने राइफल से कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस का कहना है कि यह फायरिंग अवैध तरीके से की गई और इससे लोगों में भय व अफरातफरी का माहौल बन गया। उन पर अपने संस्थान और स्टाफ के जरिए हिंसक प्रतिक्रिया को बढ़ावा देने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का भी आरोप है।
विलेन की छवि बनते ही कई और मामले भी सामने आने लगे हैं। एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें फैजल खान एक छात्र को गाली देते सुनाई दे रहे हैं। उस छात्र ने 'सिंगर' नाम से खान सर का व्हाट्सएप ग्रुप जॉइन किया था। वीडियो में फैजल खान कहते सुनाई देते हैं कि अगर सिंगर हो तो परिवार से दो महिलाओं को नचवा दो, किसी नौकरी से ज्यादा पैसा मिलेगा।
फिलहाल फैजल खान की कोशिश अग्रिम जमानत हासिल करने की है, ताकि जेल जाने से भी बच जाएं और कोचिंग साम्राज्य भी सुरक्षित रहे। हालांकि उनके वकील फंसाए जाने का आरोप लगा रहे हैं।
खान सर का उदय
उत्तर प्रदेश के देवरिया में भाटपार रानी नाम की एक तहसील है, जहां खान सर का जन्म हुआ और बचपन बीता। वे परमार मिशन स्कूल में पढ़ते थे। बाद में उनके पिता बशीर खान परिवार समेत पटना में बस गए।
फैजल खान का सपना आर्मी जॉइन करने का था और उनके बड़े भाई खुद कमांडो हैं। अपने वीडियो में खान सर दावा कर चुके हैं कि उन्होंने एनडीए पास कर लिया था, लेकिन फिजिकल में हाथ की एक मेडिकल समस्या के कारण उन्हें छांट दिया गया। उनके मुताबिक, छात्र जीवन में ही परिवार को सहारा देने के लिए उन्होंने वेल्डिंग का काम किया और जेसीबी भी चलाई। बाद में उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बीएससी और भूगोल में एमए की डिग्री हासिल की।
साल 2010 में फैजल खान ने मुसल्लाहपुर, पटना में कोचिंग सेंटर खोला। तब वे खुद दीवारों पर प्रचार के पोस्टर चिपकाते थे। फिर क्लास में दो-दो हजार बच्चे आने लगे तो कई टीवी स्क्रीन लगवाई गईं। 2019 में वे यूट्यूब पर आए और कोरोना लॉकडाउन के दौरान इंटरनेट पर छा गए। काम इतना बढ़ा कि 2021 में उन्होंने खान ग्लोबल स्टडीज के नाम से ऐप लॉन्च किया और इसे प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में तब्दील कर दिया।
कमाई का गणित
आज खान सर करोड़ों के मालिक हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 40 करोड़ है। उनकी कमाई के प्रमुख जरिए इस प्रकार हैं:
- यूट्यूब चैनल (Khan GS Research Centre): इसके 2.5 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। विज्ञापन, ब्रैंड पार्टनरशिप और सुपर चैट से हर महीने करीब 20 लाख रुपए की कमाई होने का अनुमान है।
- कोचिंग सेंटर (Khan Global Studies): पटना के मुसल्लापुर में ऑफलाइन कोचिंग सेंटर है। यह सच है कि वे गरीब छात्रों से कम फीस लेते हैं, लेकिन छात्रों की भारी संख्या के कारण टर्नओवर अच्छा है।
- स्टडी मटीरियल: उनके नोट्स और किताबों की जबरदस्त बिक्री है, जिसकी रॉयल्टी उनके खाते में आती है।
बदलते हालात
पिछले साल जिस खान सर की शादी में गवर्नर तक पहुंचे थे, वही फैजल खान अब कानून के शिकंजे में हैं। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की सक्रियता ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ लोग इसे कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा का नतीजा मान रहे हैं तो कुछ इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बता रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बात जरूर साबित कर दी है — लोकप्रियता जितनी तेजी से मिलती है, उतनी ही तेजी से सवालों के घेरे में भी ला सकती है। आज एक अपराधी की तरह फैजल खान की तलाश हो रही है।
Comments
0 comment