1500 मीटर की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी एम दीक्षा डोप जांच में नाकाम, कॉमनवेल्थ गेम्स की उम्मीदों पर पानी
खेल
10 घंटे पहले
3
विचारों
भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक झटका देने वाली खबर सामने आई है। महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ की राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी और राष्ट्रीय खेलों की रजत पदक विजेता के एम दीक्षा डोप परीक्षण में नाकाम रही हैं। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है। इस नतीजे के साथ ही उनके कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने की संभावनाएं भी समाप्त हो गई हैं।
प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव
सत्ताईस वर्षीय दीक्षा ने इस साल अप्रैल में केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग लिया था। बताया जा रहा है कि वह एक प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाई गई हैं। हालांकि यह पदार्थ किस श्रेणी का था और उनकी जांच से जुड़ी अन्य जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं हो पाई है।
एक विश्वसनीय सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘हां, यह पुष्टि हो चुकी है कि वह डोप जांच में विफल रही हैं।’’ हालांकि उन्होंने इस मामले में इससे अधिक ब्योरा देने से परहेज किया।
2024 में बनाया था राष्ट्रीय रिकॉर्ड
दीक्षा ने साल 2024 में 4:04.78 के समय के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था। इसी प्रदर्शन ने उन्हें देश की प्रमुख मध्यम दूरी की धावकों में शामिल कराया था।
अनिवार्य टूर्नामेंट से रहीं नदारद
दीक्षा ने हाल ही में रांची में आयोजित फेडरेशन कप में हिस्सा नहीं लिया था। यह प्रतियोगिता ग्लास्गो में होने वाले 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चुने जाने वाले खिलाड़ियों के वास्ते अनिवार्य टूर्नामेंट थी। ये खेल 23 जुलाई से दो अगस्त तक प्रस्तावित हैं।
Comments
0 comment