धर्म
10 घंटे पहले
2
विचारों
हर मूलांक का अलग गुस्सा: क्या आप जानते हैं कि किसी व्यक्ति की जन्म तारीख सिर्फ उसके भविष्य की ही नहीं, बल्कि उसके स्वभाव की भी कई परतें खोल देती है? जन्मतिथि और उससे बनने वाले मूलांक को देखकर यह तक अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोई व्यक्ति किस बात पर सबसे ज्यादा भड़क सकता है। अंकज्योतिष के अनुसार हर मूलांक के लोगों के गुस्सा जताने का तरीका एक-दूसरे से बिल्कुल जुदा होता है। कुछ लोग ज़रा-सी बात पर आगबबूला हो जाते हैं तो कुछ क्रोध में अपना आपा ही खो बैठते हैं। आइए जानते हैं कि किस मूलांक का व्यक्ति गुस्से में किस तरह पेश आता है।
मूलांक 1: आत्मसम्मान को ठेस और अनदेखी पर भड़कते हैं
जिनका जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 और 28 तारीख को होता है, उनका मूलांक 1 होता है और इसके स्वामी सूर्य माने जाते हैं। ऐसा कहा जाता है कि मूलांक 1 वाले लोग तब सबसे ज्यादा भड़कते हैं जब कोई उनके आत्मसम्मान को चोट पहुंचाने की कोशिश करता है या उन्हें नजरअंदाज करता है। क्रोध में इनके बोलने का अंदाज़ इतना सख्त और तीखा हो जाता है कि सामने वाला इनका यह रूप देखकर घबरा उठता है। शुरुआत में ये अपना गुस्सा दबाने की कोशिश ज़रूर करते हैं, लेकिन अगर सामने वाला लगातार इन्हें आहत करता रहे तो ये चुप नहीं बैठते।
मूलांक 2: धोखा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
किसी भी महीने की 2, 11, 20 और 29 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 2 होता है। ये लोग बेहद भावुक होते हैं और जिससे एक बार दिल से जुड़ जाएं, उसका साथ कभी नहीं छोड़ते। लेकिन अगर कोई इन्हें धोखा देने की कोशिश करे तो ये गहरे क्रोध में आ जाते हैं। वैसे मूलांक 2 वालों को गुस्सा सबसे कम आता है और ये अधिकतर शांत बने रहने की कोशिश करते हैं।
मूलांक 3: बेवजह की बहस पसंद नहीं
महीने की 3, 12, 21 और 30 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 3 होता है। इस मूलांक के लोगों का गुस्सा तब फूटता है जब कोई इनके ज्ञान पर सवाल उठाए या इनसे बेमतलब की बहस करने लगे। हालांकि ये तुरंत प्रतिक्रिया नहीं देते और पहले हालात को संभालने की कोशिश करते हैं।
मूलांक 4: जिद पूरी न हो तो क्रोध फूट पड़ता है
4, 13, 22 या 31 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 4 होता है। ये स्वभाव से बेहद जिद्दी होते हैं और अगर इनकी जिद पूरी न हो तो भयंकर गुस्से में आ जाते हैं। आमतौर पर शांत रहने वाले ये लोग जब क्रोधित होते हैं तो मानो तबाही मचा देते हैं और इनका गुस्सा जल्दी ठंडा भी नहीं होता।
मूलांक 5: आजादी पर पाबंदी और बात न मानना
महीने की 5, 14 और 23 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 5 होता है। ये लोग छोटी-छोटी बातों पर भी हाइपर हो जाते हैं और क्रोध में इनकी ज़बान काफी कठोर एवं रूखी हो जाती है, जिसकी वजह से कई बार सामने वाले से रिश्ता तक टूट जाता है। हालांकि ये जितनी तेजी से भड़कते हैं, उतनी ही जल्दी शांत भी हो जाते हैं। इनका गुस्सा अक्सर तब उभरता है जब कोई इनकी आजादी पर रोक लगाने की कोशिश करे या इनकी बात न माने।
मूलांक 6: भावनाओं की चोट और छल पर आगबबूला
6, 15 और 24 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 6 होता है। इन्हें गुस्सा तब सबसे ज्यादा आता है जब कोई इनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाए या इन्हें धोखा दे। ऐसी स्थिति में ये इस कदर भड़क उठते हैं कि अपना आपा तक खो देते हैं और इनका गुस्सा कुछ लंबे समय तक बना रहता है।
मूलांक 7: प्राइवेसी में दखल और दिखावटी लोग
महीने की 7, 16 और 25 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 7 होता है। इनके गुस्से की मुख्य वजह इनकी निजी ज़िंदगी में दखलअंदाजी और दिखावा करने वाले लोग होते हैं। ये अपनी जिंदगी अपने ढंग से जीना पसंद करते हैं और इसमें किसी का हस्तक्षेप इन्हें कतई नहीं भाता। साथ ही दिखावेबाज लोग भी इन्हें बिल्कुल पसंद नहीं होते। ऐसे लोगों से सामना होने पर ये काफी भड़क जाते हैं, हालांकि इनका गुस्सा कुछ ही पलों का होता है।
मूलांक 8: काम में लापरवाही और अन्याय
8, 17 और 26 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 8 होता है। ये अनुशासन को बहुत महत्व देते हैं और काम में ज़रा-सी भी लापरवाही इन्हें पसंद नहीं आती; जो ऐसा करता है उस पर ये खासा गुस्सा करते हैं। इसके अलावा ये किसी के साथ होता अन्याय भी सहन नहीं कर पाते और अन्याय करने वालों से इनका 36 का आंकड़ा रहता है। शनि का नंबर होने की वजह से मूलांक 8 वाले बहुत कुछ सहते भी हैं और झट से प्रतिक्रिया नहीं देते, लेकिन एक बार गुस्सा आ जाए तो ये बेकाबू हो जाते हैं।
मूलांक 9: धोखा और अपमान सहन नहीं
9, 18 और 27 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 9 होता है। ये सबसे ज्यादा गुस्सैल स्वभाव वाले माने जाते हैं। क्रोध में ये पूरी तरह आपा खो देते हैं और जोर-जोर से चिल्लाने लगते हैं, इस हाल में ये किसी की भी नहीं सुनते। इनका गुस्सा अक्सर तब भड़कता है जब कोई इन्हें नीचा दिखाने की कोशिश करे या धोखा दे।
Comments
0 comment