हिमाचल प्रदेश
एक घंटा पहले
2
विचारों
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक और मामला सामने आया है। पांवटा साहिब उपमंडल के रामपुरघाट इलाके में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की कथित तौर पर पिटाई कर दी गई। पूरा विवाद स्कूटी का चालान काटे जाने से शुरू हुआ। इस घटना में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया गया है।
चालान काटने पर भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी ने बिना हेलमेट स्कूटी चला रहे एक नाबालिग को रोका था। नाबालिग के पास वाहन चलाने का लाइसेंस भी नहीं था, इसलिए पुलिस ने उसका चालान काट दिया। चालान कटते ही स्कूटी सवार पुलिसकर्मी से उलझ पड़ा। उस समय स्कूटी पर नाबालिग के साथ उसकी मां भी बैठी हुई थी।
आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने किसी को फोन किया, जिसके बाद महिला का पति मौके पर पहुंचा और पुलिसकर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में क्या लिखा गया
पुलिस थाना पुरुवाला में मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 13 जून की शाम स्कूटी सवार लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उनके अनुसार, स्कूटी एक नाबालिग चला रहा था और उसके पीछे सविता नाम की महिला बैठी थी, जो पट्टीनथ्था, शिवपुर, पांवटा साहिब की रहने वाली है।
शिकायत में आगे कहा गया कि चालान काटे जाने पर स्कूटी सवार ने फोन किया, जिसके कुछ ही देर बाद एक व्यक्ति कार लेकर मौके पर पहुंचा और पुलिसकर्मी से भिड़ गया।
पिता-पुत्र ने पकड़ा, महिला ने जड़े थप्पड़
आरोप है कि कार चालक सचिन ने पहले पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद पिता और बेटे ने मिलकर जवान को पकड़ लिया और महिला ने उसे थप्पड़ मारे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पति को तीन दिन के लिए हिरासत में भेजा गया है।
आरोपी महिला सविता को रविवार को गिरफ्तार किया गया और सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। तीसरा आरोपी नाबालिग होने के कारण उसे डिटेन किया गया है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी सिरमौर के पांवटा साहिब में एक व्यक्ति ने पुलिस जवान से मारपीट की थी, जिसका वीडियो उस समय खूब वायरल हुआ था।
Comments
0 comment